शिमला। धर्मशाला के तपोवन में 16 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पूर्व शुक्रवार को राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में दोपहर 2:30 बजे होने वाली इस बैठक में प्रदेश के विकास, रोजगार और आगामी सत्र की रणनीति से जुड़े कई बड़े नीतिगत फैसले लिए जाने की संभावना है।
बैठक में राज्य में औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के लिए लंबे समय से तैयार की जा रही नई औद्योगिक नीति के ड्राफ्ट पर चर्चा के बाद उसे मंजूरी प्रदान की जा सकती है।
इसके साथ ही, शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में पेश किए जाने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण संशोधन विधेयकों को भी कैबिनेट की हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। बैठक में मंत्रिमंडलीय उपसमितियों की सिफारिशों और रिपोर्टों के आधार पर भी कई अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
रिक्त पदों को भरने पर भी होगा फैसला
राज्य में भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए सरकार विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने और नए पद सृजित करने की अनुमति दे सकती है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पहले ही हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग और चयन आयोग को लंबित व नई भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र आगे बढ़ाने के निर्देश दे चुके हैं।
बैठक से पहले मंडी दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री
कैबिनेट बैठक में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार सुबह मंडी का दौरा करेंगे। वहां वे नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित एंटी चिट्टा वाकथान में भाग लेंगे और जिला पुस्तकालय मंडी की आधारशिला रखेंगे। मंडी के कार्यक्रमों के संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे तक वापस शिमला पहुंचेंगे और इसके पश्चात मंत्रिमंडल बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
