हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को अपने पुराने दोस्त जतिंदरपाल सिंह सैनी के इंडस्ट्रियल प्लांट का उद्घाटन करने पटियाला पहुंचे। इसी दौरान डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों भी उद्घाटन समारोह में आशीर्वाद देने पहुंचे। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत किया और उन्हें किताबें भेंट कीं। आशीर्वाद लेने के बाद मुख्य मंत्री सैनी ने अपने भाषण में कहा कि पंजाब और हरियाणा के उद्योगपतियों को स्किल डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी और ट्रेड के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और मजबूत करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के संयुक्त प्रयासों से यह क्षेत्र मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन और रोजगार का एक बड़ा हब बन सकता है।
फैक्ट्रियों में प्रोडक्शन बढ़ाना, युवाओं की स्किल को निखारना जरूरी : सैनी
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि मेरे बहुत करीबी दोस्त जतिंदर पाल सिंह सैनी की कड़ी मेहनत के कारण, जीएसए इंडस्ट्रीज का पंजाब से शुरू होकर ग्लोबल मार्केट तक पहुंचने का सफर भारतीय एंटरप्रेन्योरशिप, टेक्नोलॉजी और कड़ी मेहनत की क्षमता को दिखाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे उद्योग रोजगार पैदा करने, किसानों को सशक्त बनाने और भारत को वर्ल्ड-क्लास मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने में योगदान देते हैं। ‘मेकिंग इंडिया स्ट्रॉन्गर थ्रू मैन्युफैक्चरिंग’ थीम का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फैक्ट्रियों में प्रोडक्शन बढ़ाना, युवाओं के स्किल को निखारना और भारतीय प्रोडक्ट्स को ग्लोबल मार्केट में भरोसेमंद बनाना देश के विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का मकसद देश की अपनी क्षमताओं को मजबूत करना है। युवाओं की प्रतिभा को मौके देने, इंडस्ट्रीज़ को नई टेक्नोलॉजी से जोड़ने और भारत में बने प्रोडक्ट्स को ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाने की जरूरत है। पंजाब और हरियाणा के आपसी रिश्तों का ज़िक्र करते हुए सैनी ने कहा कि दोनों राज्यों की खेती, संस्कृति, पारिवारिक रिश्ते और मेहनत की परंपराएं आपस में गहराई से जुड़ी हुई हैं।
‘पंजाब के व्यापारियों और युवाओं के लिए बनते हैं मौके’
सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब, हरियाणा में इंडस्ट्री के विकास और हरियाणा में इंडस्ट्री के विस्तार से पंजाब के व्यापारियों और युवाओं के लिए भी मौके पैदा होते हैं। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़े उद्योगपतियों और कर्मचारियों से बेहतरीन काम के लिए मिलकर कोशिश करने की अपील की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कंपनी के एमडी जतिंदर पाल सिंह सैनी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ पंजाब का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है, बल्कि हजारों युवाओं को नौकरी के मौके भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार अपने इलाके में ऐसी इंडस्ट्री को हमेशा बढ़ावा देगी। मेहमानों को कंपनी के एमडी जतिंदर पाल सिंह सैनी ने सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर, पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष जय इंदर कौर और पटियाला भाजपा जिला अध्यक्ष जसपाल सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
