देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया. इसी कड़ी में देहरादून स्थित पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया. इस अवसर पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे.
करीब 19 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखंड की जनता की ओर से आभार जताया. उन्होंने कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास राज्य के लिए गौरव का विषय है. करीब 19 करोड़ रुपए की लागत से विकसित यह स्टेशन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करता है.
स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान देकर आधुनिकता और संस्कृति का सुंदर समन्वय पेश किया गया है. जबकि, अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं यात्रा को ज्यादा सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बनाएंगी. पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है. रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण, सुरक्षा, गति और तकनीकी दक्षता में लगातार इजाफा हुआ है. वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक, स्वदेशी ट्रेनें आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बनकर उभरी हैं.
ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 फीसदी से ज्यादा का काम पूरा: सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल संपर्क पहुंचाने का सपना भी तेजी से साकार हो रहा है. उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 फीसदी से ज्यादा का काम पूरा हो चुका है. यह परियोजना राज्य के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई गति प्रदान करेगी. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से प्रदेश आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को विशेष सुविधा मिल रही है.
उत्तराखंड में करीब 39,491 करोड़ की लागत से चल रहे रेलवे परियोजनाओं के काम: उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से इस साल उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपए का रेल बजट मिला है. प्रदेश में करीब 39,491 करोड़ रुपए से ज्यादा की रेलवे परियोजनाओं पर काम प्रगति पर है. उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह और प्रतिबद्धता का प्रमाण है.
“पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा. विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तराखंड के ‘विकल्प रहित संकल्प’ को और ज्यादा मजबूती देगा.“- पुष्कर धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
