देहरादून। रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में शुक्रवार को जन्माष्टमी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। लोक गायकों ने सुंदर-सुंदर गीतों से सभी को भक्ति में पिरो दिया। वही, कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से हर किसी की तालिया बटोरी। बड़ी संख्या में दूनवासी महोत्सव में शामिल हुए। हरे कृष्णा के जयघोष से पुलिस लाइन परिसर गूंज उठा।
जन्माष्टमी उत्सव में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(सेनी) बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद मुंबई आर्ट ग्रुप के कलाकरों ने गणेश वंदनाकी प्रस्तुति दी। लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने महोत्सव में समा बांधा। उन्होंने एक से बढ़कर एक गढ़वाली गीतों की प्रस्तुति दी। इसके बाद बच्चों ने सुंदर-सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतिया दी।
इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, लोकगायक इंदर आर्य, करिश्मा शाह समेत अन्य कई कलाकारों को नवाजा गया। इस अवसर पर राज्यपाल की पत्नी गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी,
राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजानदास, डीजीपी दीपम सेठ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल आदि मौजूद रहे।
नशे के खिलाफ रैप, ऑपरेशन सिंदूर की प्रस्तुति ने भरा जोश
जन्माष्टमी महोत्सव में भक्ति के साथ ही जागरूकता और देशप्रेम की प्रस्तुति दी गई। महोत्सव में एक बच्चे ने नशे के खिलाफ जागरूकता को सुंदर रैप प्रस्तुत की। इसमें नशे से होने वाले नुकसान, उत्तराखंड पुलिस की अपील समेत कई मुद्दों को शामिल करते हुए जागरूक किया गया।
वहीं, छात्रों के ग्रुप ने ऑपरेशन सिंदूर पर प्रस्तुति देकर हर किसी का ध्यान खींचा। ऑपरेशन सिन्दूर की प्रस्तुति देखकर राज्यपाल ने भी बच्चो से मुलाक़ात की और उनके साथ फोटो खिंचवाया।
