लक्सर: खानपुर विधानसभा क्षेत्र के ब्राह्मणवाला उर्फ टांडा जलालपुर गांव में संत शिरोमणि रविदास धाम के शिलान्यास समारोह में जनसैलाब उमड़ पड़ा. रविवार को खानपुर विधायक उमेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
धाम निर्माण के लिए गांव निवासी शेर सिंह ने करीब तीन करोड़ रुपये कीमत की अपनी भूमि दान में दी है. कार्यक्रम की शुरुआत लक्सर के रुड़की तिराहा स्थित शिव चौक से निकाली गई भव्य शोभायात्रा जनसैलाब के साथ हुई. डीजे और फूलों से सजी यह शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए टांडा जलालपुर पहुंची. रास्ते भर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया. जिसके बाद विधि-विधान से भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया.
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक उमेश कुमार ने कहा कि संत रविदास के विचार सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता के प्रतीक हैं. इस धाम से उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा. वहीं, शेर सिंह द्वारा लगभग 3 करोड़ की भूमि धाम को दान करने पर लोगों ने जहां शेर सिंह को बधाई दी, वहीं परिवार के लोग भी अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.
शोभा यात्रा के दौरान पुलिस चाक चौबंद मुस्तादी से यात्रा के दौरान डटी रही. पुलिस की सुरक्षा में लक्सर से लेकर खानपुर तक पुलिस की निगरानी रही. जिसमें खानपुर और लक्सर पुलिस का पूरा सहयोग शोभा यात्रा के दौरान नजर आया. इस मौके पर जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा, नरसिंह प्रधान, संजय कुमार, अजब बालक, ओमदत्त शर्मा सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण और समर्थक मौजूद रहे.
