जकार्ता (इंडोनेशिया) : 240 से अधिक लोगों को ले जा रहे इंडोनेशियाई यात्री जहाज से संपर्क टूटने के बाद उसकी तलाश जारी है.जहाज की आखिरी ज्ञात स्थिति जावा सागर में थी, जो बंजरमासिन के एक घाट से लगभग 148 किलोमीटर दूर है.
अधिकारियों ने बताया कि रविवार को जावा सागर में 240 से ज़्यादा लोगों को ले जा रहे एक यात्री जहाज से संपर्क टूटने के बाद इंडोनेशियाई बचाव दल ने तलाशी अभियान शुरू किया. यह जहाज पूर्वी जावा से दक्षिण कालीमंतन प्रांत जा रहा था.बोर्नियो द्वीप पर स्थित दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन शहर में मौजूद सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस ने बताया कि उन्हें रविवार तड़के करीब 2 बजे ‘वर्को ट्रांसपोर्ट 8’ जहाज से संपर्क टूटने के दो घंटे बाद इसकी सूचना मिली.
जहाज पूर्वी जावा प्रांत में इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुराबाया से बंजारमासिन के लिए निकला था.सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख आई पुतु सुदायाना ने एक वीडियो ब्रीफिंग में कहा, “जहाज के ऑपरेटर ने खराब मौसम का सामना करने की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को इस घटना की सूचना दी.”
शुरुआती जानकारी से पता चला कि जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में थी, जो बंजारमासिन के एक घाट से लगभग 148 किलोमीटर (92 मील) दूर था. जहाज के रिकॉर्ड के मुताबिक, उसमें 241 यात्री सवार थे. किसी के हताहत होने की तुरंत कोई खबर नहीं मिली.
जहाज के ऑपरेटर, पीटी विरगो योएल रिही ने संपर्क टूटने की जानकारी दी और बताया कि जहाज शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10:13 बजे सुराबाया से रवाना हुआ था. इसके जवाब में, बंजारमासिन के बसिरिह सर्च एंड रेस्क्यू घाट पर एक बचाव दल भेजा गया और एक बचाव जहाज को ‘Virgo Transport 8’ की अनुमानित आखिरी लोकेशन की ओर रवाना किया गया.
खोज अभियान का समन्वय कर रहे सुदायाना ने कहा कि अधिकारी सभी उपलब्ध कर्मचारियों और संसाधनों को जुटा रहे हैं क्योंकि जहाज में बड़ी संख्या में यात्री और क्रू सदस्य सवार थे. उन्होंने कहा कि एजेंसी खोज अभियान में समुद्री अधिकारियों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है और साथ ही इलाके में मौसम की स्थिति पर भी बारीकी से नजर रख रही है.
