नई दिल्ली के साहिबपुरा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों की बेअदबी के मामले में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के सदस्यों ने शनिवार को श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचकर जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के समक्ष अपना पक्ष रखा। वहीं, निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने भी इस मामले में कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डीएसजीएमसी की वॉर्ड नंबर 26 की कार्यकारी सदस्य बीबी रणजीत कौर और सदस्य रमिंदर सिंह स्वीटा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक सचिवालय में रहे। उन्होंने 18 नवंबर को जत्थेदार के सचिवालय की ओर से जारी पत्र के जवाब में अपना लिखित स्पष्टीकरण सौंपा।
बीबी रणजीत कौर ने अपने जवाब में बताया कि 17 नवंबर को वह गुरु तेग बहादुर जी और उनके साथ शहीद हुए भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला के 350वें शहीदी दिवस के समापन समारोह को लेकर डीएसजीएमसी कार्यालय में आयोजित बैठक में मौजूद थीं।
दोपहर करीब तीन बजे उन्हें सोशल मीडिया से पता चला कि वॉर्ड नंबर 28 के एक गुरुद्वारे में बेअदबी की घटना हुई है। इसके बाद वह एक सिख और कमेटी सदस्य होने के नाते मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अन्य सदस्यों और संगत के साथ तिलक नगर थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने में सहयोग किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना उनके वॉर्ड में नहीं हुई और उन्हें इस मामले की इससे अधिक जानकारी नहीं है।
निहंग जत्थेबंदी ने कमेटी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
इस मामले में निहंग सिंह नेता जगतार सिंह (बुड्ढा दल, अकाली बाबा मान सिंह 96 करोड़ी) भी अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि दिल्ली के शाहपुर इलाके के एक गुरुद्वारे में एक व्यक्ति लगातार तीन दिन तक आता रहा और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों के कुछ हिस्से निकालकर ले जाता रहा। यह घटना 15 नवंबर को हुई थी, जबकि इसकी जानकारी 17 नवंबर को मिली।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी को कमेटी के सदस्यों ने नहीं, बल्कि गुरुद्वारे के सेवादारों ने पकड़ा था। इसके बाद कमेटी की ओर से निहंग सिंहों पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि आरोपी जेल में है और तीन दिन बाद निहंग सिंहों ने गुरु साहिब के स्वरूपों को अपनी छावनी में लाकर सुरक्षित रखा, जो अभी भी वहीं हैं।
जगतार सिंह ने कमेटी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गुरुद्वारों में गुरु साहिब के स्वरूपों की सुरक्षा के बजाय गोलक की गिनती को अधिक महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे की इमारत में तंबाकू मिलने की बात भी सामने आई है। उनका कहना था कि केवल सीसीटीवी कैमरे लगाने से सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती, बल्कि गुरुद्वारों में सेवादारों और स्वयंसेवकों की नियमित तैनाती भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंधन की व्यवस्था में सुधार होना चाहिए और बेअदबी की घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि निहंग सिंह किसी से डरने वाले नहीं हैं।
जत्थेदार से मुलाकात के बाद जताया आभार
इसके बाद निहंग सिंह नेताओं ने भी कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि जत्थेदार साहिब ने उनकी बात ध्यान से सुनी, जिसके लिए वे उनके आभारी हैं।
बीबी रणजीत कौर ने आरोपों को नकारा
मुलाकात के बाद बीबी रणजीत कौर ने कहा कि उन्हें 17 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे घटना की जानकारी मिली थी। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से पहले ही पुलिस को शिकायत दी जा चुकी थी और 112 नंबर पर भी सूचना दी गई थी। आरोपी को पकड़ लिया गया था। वह लोगों को शांत करवाने के लिए वहां रुकी थीं। उन्होंने कहा कि यह उनका वॉर्ड नहीं था और वह डीएसजीएमसी सदस्य होने के नाते वहां पहुंची थीं। उन्होंने अकाल तख्त के पत्र में दिल्ली कमेटी की ओर से बेअदबी की घटना छिपाने की कोशिश किए जाने संबंधी आरोप को भी खारिज किया। उनका कहना था कि आरोपी को गुरुद्वारे के अपने सेवादारों ने पकड़ा था। उन्होंने बताया कि अभी तक उन्हें अकाल तख्त साहिब की ओर से कोई अंतिम फैसला या नया पत्र नहीं मिला है।
रमिंदर सिंह स्वीटा बोले- प्रबंधन की कमियों में सुधार जरूरी
डीएसजीएमसी सदस्य रमिंदर सिंह स्वीटा ने कहा कि संबंधित गुरुद्वारा उनके हलके में आता है। घटना के बाद दिल्ली कमेटी और गुरुद्वारे की देखरेख करने वाली पांच सदस्यीय स्थानीय कमेटी को बुलाया गया था। बैठक में प्रबंधन से जुड़ी कई कमियां सामने आई हैं, जिनमें सुधार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया भर के गुरुद्वारों में सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर गंभीरता बरतने की जरूरत है। उन्होंने डीएसजीएमसी, सिंह सभाओं और उन सभी संस्थाओं से अपील की, जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश होता है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
