शिमला: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण विवाद के विरोध में आवाज उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर के विरोध में हिमाचल कांग्रेस ने शिमला में डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा ने तानाशाही का एक नया ट्रैंड शुरू कर दिया है और राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए जांच एजैंसियों का दुरुपयोग कर रही है। जिन्होंने शुद्धिकरण जैसी कुप्रथा को अंजाम दिया, उन पर कार्रवाई करने के बजाय जातिगत भेदभाव पर आपत्ति दर्ज कराने वाले राहुल गांधी पर ही एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से डर गई है, इसलिए लोकतांत्रिक असहमति और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका और असहमति का सम्मान अनिवार्य है। राजनीतिक मतभेदों का समाधान केवल संवैधानिक माध्यमों से ही होना चाहिए।
