हाथरस/बरेली/आगरा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हाथरस पहुंच रहे हैं. सीएम योगी यहां करीब 486 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और आधार शिला रखेंगे. हाथरस में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम करीब एक घंटे का है. इस दौरान जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से तैयारियों को परखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिए. शनिवार को अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया. जिलाधिकारी की मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए यहां तीन पंडालों की व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम को लेकर लोगों में काफी उत्साह है और पिछले चार-पांच दिनों से तैयारियां चल रही हैं.
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं वीआईपी मूवमेंट से संबंधित सभी तैयारियां कर ली गई हैं. प्रोटोकॉल के हिसाब से पुख्ता व्यवस्था की गई है. 2000 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे. फायर ब्रिगेड एंबुलेंस आदि सभी मानक के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि सीएम योगी जिले के विकास की योजनाओं के लिए काफी बजट दिया है. कार्यक्रम के दौरान गर्मी को देखते हुए मीठे पानी की व्यवस्था की गई है. लोगों को कुर्सियों तक पानी पहुंचाने के इंतजाम किए गए हैं. वहीं भाजपा नेता भी मुख्यमंत्री के आगमन पर लोगों को वहां तक पहुंचाने के लिए तरह-तरह के प्रयास कर रहे हैं. नगर पालिका हाथरस के पूर्व अध्यक्ष आशीष शर्मा ने भी आसपास के क्षेत्र में जाकर लोगों को प्रोत्साहित किया.
बरेली : सीएम योगी राधेश्याम की प्रतिमा का करेंगे अनावरण, इन योजनाओं मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 और 30 जून को बरेली मंडल के दौरे पर रहेंगे. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 29 जून को बरेली पहुंचेंगे और यहीं रात्रि प्रवास करेंगे. इसी दिन सीएम योगी पीलीभीत और मुरादाबाद के कार्यक्रमों में शामिल होंगे. 30 जून को बरेली में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और शहरवासियों को कई नई सौगातें भी दे सकते हैं.
मुख्यमंत्री 30 जून को बरेली में पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके अलावा बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा विकसित किए जा रहे रामायण वाटिका पार्क की प्रगति की भी समीक्षा कर सकते हैं. इसके अलावा बीडीए से जुड़ी अन्य योजनाओं का लोकार्पण भी कर सकते हैं. इस दौरान मुख्यमंत्री मंडल के चारों जनपदों बरेली, पीलीभीत, रामपुर और बदायूं की मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे.
डीएम बरेली अविनाश सिंह ने बताया कि सीएम योगी 29 जून को दो दिवसीय दौरे पर बरेली आ रहे हैं. इस दौरान वह पीलीभीत और मुरादाबाद जाएंगे. 30 जून को स्मार्ट सिटी ऑडिटोरियम में लगी कथावाचक राधे श्याम की मूर्ति का अनावरण भी करेंगे. आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
आगरा : सीएम योगी करेंगे विकास कार्यों की योजना पर चर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर मंडलायुक्त सभागार में जिले की समीक्षा बैठक करेंगे. जिसमें सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे. बैठक में जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है.
आगरा डीएम मनीष बंसल ने बताया कि सीएम योगी रविवार को हाथरस से दोपहर करीब 12.40 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे. जहां से दोपहर एक बजे मंडलायुक्त कार्यालय आएंगे और आगरा मंडल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा एवं नये कार्यों की कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे. दोपहर 2:15 से 2:45 बजे तक दोपहर भोज भी करेंगे. दोपहर 3 बजे से 3.30 बजे तक जिले के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे. दोपहर 3.40 बजे मंडलायुक्त सभागार से खेरिया हवाई अड्डे के लिए प्रस्थान करेंगे. जहां से शाम 4 बजे खेरिया हवाई अड्डे से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे.
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
● 10:20 बजे: अमौसी एयरपोर्ट लखनऊ से राजकीय विमान द्वारा आगरा के लिए प्रस्थान.
● 11:00 बजे: खेरिया सिविल एयरपोर्ट आगरा पर आगमन.
● 11:05 बजे: हेलीकॉप्टर से सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया हाथरस के लिए रवाना.
● 12:55 बजे: हाथरस से हेलीकॉप्टर द्वारा खेरिया सिविल एयरपोर्ट आगरा वापसी.
● 01:00 बजे: आयुक्त सभागार पहुंचकर लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा तथा नई परियोजनाओं पर बैठक.
● 02:15 से 02:45 बजे: समय दोपहर भोज के लिए आरक्षित.
● 02:45 से 03:45 बजे: जनपदीय विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक.
● 03:45 बजे: आयुक्त सभागार से खेरिया सिविल एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान.
● 03:55 बजे: खेरिया सिविल एयरपोर्ट पहुंचना.
● 04:00 बजे: राजकीय विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान.
