शिमला: दिल्ली में एसआईआर और कथित वोट चोरी के विरोध में इंडिया गठबंधन के जन मार्च में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अब चंबा जिला के दौरे पर निकलेंगे. आज (मंगलवार, 3 नवंबर) से शुरू होने वाले मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान तीन विधानसभा क्षेत्रों भटियात, चुराह और भरमौर में जनसभाओं के जरिए जनता से सीधा संवाद होगा. इस दौरान मुख्यमंत्री न केवल विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, वे सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनेंगे.
भटियात से शुरू होगा CM सुक्खू का चंबा दौरा
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री स्कूली बच्चों से भी रू-ब-रू होंगे. ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और विकासात्मक, दोनों लिहाज से अहम माना जा रहा है. गौर हो कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को दिल्ली में इंडिया गठबंधन के जन मार्च में शामिल हुए थे. एसआईआर और कथित वोट चोरी के खिलाफ आयोजित इस कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह सोमवार सुबह सीधे शिमला पहुंचे. यहां राज्य सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी कामकाज की समीक्षा की. इसके बाद मुख्यमंत्री चमियाणा स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान भी पहुंचे और वहां स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया.
चुराह और भरमौर में भी मुख्यमंत्री की जनसभाएं
मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह शिमला से चंबा जिला के लिए रवाना होंगे. उनके दौरे की शुरुआत भटियात विधानसभा क्षेत्र से होगी. यहां चुवाड़ी में जनसभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. इसके बाद चार नवंबर को मुख्यमंत्री चुराह विधानसभा क्षेत्र के भंजराडू पहुंचेंगे. यहां जनसभा को संबोधित करने के अलावा एंटी चिट्टा वॉकथान को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
वहीं, पांच नवंबर को मुख्यमंत्री भरमौर विधानसभा क्षेत्र के तहत लिहल कोठी में जनसभा को संबोधित करेंगे. दौरे के दौरान मुख्यमंत्री तीनों विधानसभा क्षेत्रों के घटासनी, देहग्रां और मैहला में रात्रि ठहराव करेंगे. इससे पहले संबंधित क्षेत्रों में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों के साथ संवाद करेंगे. इस दौरान विकास कार्यों की जानकारी लेने के साथ लोगों की समस्याओं और मांगों पर भी चर्चा होगी.
