चंडीगढ़। हरियाणा के पंचकूला में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के बाहर होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर तीखा पलटवार किया है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस को ‘अपने गिरेबान में भी झांकना चाहिए।’
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन में कर्मचारियों और युवाओं के हितों की स्थिति प्रदेश की जनता देख चुकी है, जबकि भाजपा सरकार ने कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा और युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार देने की दिशा में कई कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 1.20 लाख कर्मियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नौकरी की सुरक्षा प्रदान की गई है। कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जॉब सिक्योरिटी की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए लगातार भ्रामक बातें फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार युवाओं के हितों को प्राथमिकता दे रही है। पारदर्शी व्यवस्था के जरिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं और किसी भी युवा को नौकरी के लिए किसी के दरवाजे पर जाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के साथ प्रदेश में उद्योगों के विस्तार के जरिए रोजगार के नए साधन तैयार करना है।
जॉब सिक्योरिटी पर सीएम का दावा
- 1.20 लाख कर्मियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से नौकरी की सुरक्षा।
- कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जॉब सिक्योरिटी से जुड़े फैसले।
- युवाओं को पारदर्शी व्यवस्था के जरिए रोजगार देने पर जोर।
- शिक्षा और कौशल विकास के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने का लक्ष्य।
- उद्योगों के विस्तार के जरिए रोजगार के साधन बढ़ाने की कोशिश।
गुरुघर में सुखबीर बादल पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण
महाराष्ट्र में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की मुख्यमंत्री ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं और गुरुघर में ऐसी घटना होना और भी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गुरुघर सभी समाजों और सभी लोगों के लिए खुले होते हैं। ऐसे पवित्र स्थानों पर शांति और सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
गुरुग्राम जलभराव पर बोले- प्रशासन को पहले से दिए थे निर्देश
गुरुग्राम में जलभराव के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार बारिश बहुत अधिक हुई है, लेकिन प्रशासन ने पहले से आवश्यक तैयारियां की थीं। अधिकारियों को जलभराव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर पहले की तुलना में स्थिति में काफी सुधार हुआ है और जलनिकासी के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। सरकार का प्रयास लोगों को परेशानी से बचाना है।
कानून-व्यवस्था पर सख्ती का संदेश
अपराध की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और उनमें कानून का भय होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक शिकायत पर कार्रवाई हो और जरूरतमंद लोगों को एफआइआर दर्ज करवाने में किसी तरह की परेशानी न आए।
खेल प्रतिभाओं को नर्सरी स्तर से तैयार करने पर जोर
हरियाणा के खिलाड़ियों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने खेलों के क्षेत्र में पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था तैयार की है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
