देहरादून। हल्द्वानी प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर सीधा हमला बोला। रविवार को भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में धामी ने कहा कि हल्द्वानी में जिहादी नारे लगाने और मंदिर परिसर में गंदगी फैलाने पर तो राहुल गांधी और खरगे चुप रहे, लेकिन सनातन को बांटने की कोशिश में वह लगातार झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। देवभूमि की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।
राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जब कांग्रेस अध्यक्ष उत्तराखंड आए तो उन्होंने मुख्यमंत्री और सरकार को खत्म करने की धमकी दी, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश ने उनकी आयु और प्रतिष्ठा का सम्मान किया। धामी ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन उत्तराखंड की शांति, संस्कृति और सनातन पर चोट किसी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान रोजगार और नकल माफिया को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। जिन नकल माफिया को पिछली सरकारों में संरक्षण मिला, उनमें से सैकड़ों आज जेल की सलाखों के पीछे हैं।
देवभूमि में भारतमाता की स्तुति नहीं होगी, तो कहां होगी
वंदे मातरम के विरोध को लेकर सीएम धामी ने कहा कि तुष्टीकरण के चलते विपक्ष को राष्ट्रगीत गाने पर आपत्ति है, लेकिन देश वंदे मातरम को सम्मान और स्वाभिमान के साथ गाता रहेगा। उन्होंने कहा, हम तो देवभूमि के वासी हैं, यहां भारत माता की स्तुति नहीं होगी तो कहां होगी।
राष्ट्रद्रोह जैसी कठोर धाराओं में मौलवी पर होगी कार्रवाई
मदरसों को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि निर्धारित मान्यता और पाठ्यक्रम के अनुरूप मान्यता नहीं लेने वाले मदरसों को बंद किया जाएगा। रुद्रपुर में आपत्तिजनक बयान पर उन्होंने कहा कि मौलवी ने अराजकता और दंगा फैलाने की कोशिश की है। इतिहास को लेकर उसके विवादित बयान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। और दोषियों के विरुद्ध राष्ट्रद्रोह जैसी कठोर धाराओं में कार्रवाई होगी।
