देहरादून: दीपोत्सव के पावन अवसर पर आज पूरे देश में हर्षोल्लास का माहौल है. वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं. सीएम धामी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि प्रकाश का यह महापर्व सभी नागरिकों के जीवन में अपार सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और रिद्धि-सिद्धि लेकर आए.
सीएम धामी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की कृपा से दीपावली का यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य का प्रकाश लेकर आए. दीपों की दिव्य आभा से हर घर-आंगन रोशन हो तथा प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का उजाला समाज के प्रत्येक कोने तक पहुंचे.
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में गढ़वाल रेजिमेंट के वीर जवानों के साथ दीपावली मिलन समारोह में भाग लिया. साथ ही दीपावली पर्व की खुशियां साझा कीं. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी सैनिकों और उनके परिवारजनों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि एक सैनिक परिवार से होने के नाते जवानों के प्रति मेरा जुड़ाव सदैव आत्मीय और भावनात्मक रहा है. मैं ईश्वर से कामना करता हूँ कि मां भारती के ये वीर सपूत सदैव स्वस्थ, सुरक्षित और प्रसन्न रहें. सीएम धामी ने कहा कि दीपावली हर्ष और उल्लास का पर्व है. हमारे वीर जवान ऐसे अनेक पर्व अपने परिवार से दूर रहकर देश की सीमाओं की रक्षा और राष्ट्र की सुरक्षा करते हुए बिताते हैं. उनका यह त्याग, साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा हम सभी देशवासियों के लिए सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत है.
इस दौरान सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन में आज पूरे देश में सैनिकों के सम्मान, उनके कल्याण और उनकी सुख-सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. केंद्र और राज्य सरकार सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
