देहरादून। मानसून के बाद चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को सुरक्षित और सुचारु बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में की जा रही व्यवस्थाओं और यात्रियों की सुविधा के लिए चल रहे कार्यों की जानकारी दी।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची है। गुरुवार तक बदरीनाथ में 16,86,438 और केदारनाथ में 14,75,679 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। दोनों धामों में अब तक 31,62,117 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जबकि हेमकुंड साहिब समेत चारधाम यात्रा में यह संख्या 49 लाख के पार पहुंच गई है।
आगामी यात्रा के लिए तैयारियों की जानकारी दी
बीकेटीसी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को बताया कि बदरीनाथ के लिए करीब 19 लाख और केदारनाथ के लिए साढ़े 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने आगामी यात्रा में बढ़ने वाले यात्री दबाव को देखते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की तैयारियों की जानकारी भी दी।
