हल्द्वानी: आगामी में 9 और 10 सितंबर को हल्द्वानी में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होने जा रही है. कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. प्रदेश कार्यसमिति में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे और कई महत्वपूर्ण बैठकों को संबोधित करेंगे. इसी कड़ी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोमवार को विंटेज ग्रीन कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन किया.
9 और 10 सितंबर को हल्द्वानी में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित: बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में हुई रैली के बाद अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हल्द्वानी पहुंच रहे हैं. दरअसल, 9 और 10 सितंबर को हल्द्वानी में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित है. जिसको लेकर तैयारियां भी तेज होने लगी है.
महेंद्र भट्ट ने किया विंटेज ग्रीन कार्यक्रम स्थल का भूमि पूजन: प्रदेश कार्यसमिति में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन खुद मौजूद रहेंगे. ऐसे में सवाल सिर्फ संगठन की बैठक का नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सियासी दिशा और बीजेपी की आगामी रणनीति का भी है. कार्यक्रम की तैयारियों के बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विंटेज ग्रीन कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन किया.
पार्टी ने प्रदेश कार्यसमिति को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं और अब नजरें बैठक में होने वाले मंथन पर टिकी हैं. प्रदेश कार्यसमिति में दो राजनीतिक प्रस्ताव भी पेश किए जाएंगे. यही प्रस्ताव इस बैठक का सबसे बड़ा राजनीतिक आकर्षण बन सकते हैं. क्योंकि, इन प्रस्तावों के जरिए बीजेपी प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, सरकार की उपलब्धियों और आने वाली चुनौतियों को लेकर अपना रुख सामने रख सकती है.
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी से बैठक का सियासी वजन और बढ़ गया है. वे प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करने के साथ ही कोर कमेटी की बैठक में भी शामिल होंगे. इसके अलावा पूर्व सैनिक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे. यानी एक तरफ संगठन के भीतर रणनीति पर मंथन होगा, तो दूसरी तरफ राष्ट्रीय नेतृत्व के जरिए कार्यकर्ताओं और प्रदेश संगठन को राजनीतिक दिशा देने की कोशिश होगी.
हल्द्वानी की इस बैठक को बीजेपी के लिए इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि यहां से आने वाले दिनों की राजनीतिक प्राथमिकताओं के संकेत मिल सकते हैं. अब नजर इस बात पर है कि दो राजनीतिक प्रस्तावों में क्या मुद्दे उठते हैं और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश संगठन को क्या सियासी संदेश देते हैं.
“बीजेपी उत्तराखंड की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल विंटेंज हल्द्वानी में आज भूमि पूजन कर कार्यक्रम की औपचारिक तैयारियों का शुभारंभ किया है. यह कार्यसमिति संगठन की आगामी कार्ययोजना, जनसेवा के संकल्प और प्रदेश के विकास से जुड़े तमाम महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन का महत्वपूर्ण अवसर होगी.“- महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी
