रोहतक: रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय में बुधवार को प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने की. बैठक में स्थानीय निकाय चुनावों के बाद पार्टी की योजनाओं पर मंथन किया गया.
36 घंटे का प्रशिक्षण महाअभियान: बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थानीय निकाय चुनावों के बाद प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों में 36 घंटे का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान चलाया जाएगा. इस अभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त करना और संगठनात्मक दक्षता बढ़ाना है. यह कार्यक्रम राज्यभर के 377 मंडलों में आयोजित किया जाएगा.
कार्यकर्ताओं को 12 विषयों पर मिलेगा प्रशिक्षण: इस प्रशिक्षण अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं को कुल 12 अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा. इनमें पार्टी की विचारधारा, इतिहास, संगठनात्मक कौशल और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी शामिल होगी. पार्टी का लक्ष्य है कि मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं को कुशल और प्रभावी बनाया जाए.
चुनावों में पार्टी सिंबल पर उतरेगी भाजपा: प्रदेश अध्यक्ष बडौली ने कहा कि, “पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम के साथ-साथ रेवाड़ी नगर परिषद और सांपला, उकलाना और धारूहेड़ा नगर पालिका के चुनाव भाजपा अपने पार्टी सिंबल पर लड़ेगी. इन सभी क्षेत्रों में भाजपा की जीत होगी. जनता भाजपा के साथ है. ”
डबल इंजन से ट्रिपल इंजन सरकार का लक्ष्य: मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि, “प्रदेश में पहले से डबल इंजन की सरकार है और अब स्थानीय निकाय चुनावों में जीत के साथ ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का लक्ष्य रखा गया है. भाजपा कार्यकर्ता और मतदाता पूरी तरह पार्टी के साथ खड़े हैं.”
विपक्ष पर साधा निशाना: बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में बड़ौली ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर निशाना साधा. उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि, “भाजपा महिलाओं के सम्मान और भागीदारी को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष की सोच नकारात्मक है.”
