लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने रविवार को उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें दावा किया गया था कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए 209 उम्मीदवारों की सूची तैयार कर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी गई है। पार्टी ने इन खबरों को मनगढ़ंत और एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताया।
बयान देते हुए भाजपा ने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट मीडिया, व्यक्ति और संस्थान आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के 209 उम्मीदवारों की एक कथित सूची तैयार किए जाने और केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने के संबंध में लगातार खबरें प्रसारित कर रहे हैं। यह पूरी तरह से असत्य, निराधार, काल्पनिक और मनगढ़ंत है। भाजपा इस फर्जी और झूठी खबर का सिरे से खंडन करती है।’
इन खबरों को सुनियोजित साजिश करार देते हुए बयान में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम, अनिश्चितता और भय पैदा करने के लिए अफवाहें फैला रहे हैं। इसमें पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनता से अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करने और पार्टी के अधिकृत मंचों के माध्यम से साझा की गई जानकारी का ही पालन करने का आग्रह किया गया।
पार्टी ने कहा कि उसके उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। आगे कहा गया कि भाजपा विधानसभा और अन्य चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए एक संरचित संगठनात्मक प्रक्रिया का पालन करती है।
इससे पहले रविवार को पंकज चौधरी ने भी इस बात से इनकार किया था कि भाजपा ने 209 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नाम तय कर लिए हैं। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसी कोई सूची तैयार करने के लिए कोई बैठक नहीं की है। चौधरी ने कहा कि, ‘मुझे इस खबर के स्रोत के बारे में नहीं पता… भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में, मैंने किसी के साथ ऐसी कोई बैठक नहीं की है।’
