देहरादून: कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर सरकारी जमीनों के बंदरबांट का आरोप लगाया हैं. इसीलिए कांग्रेस चार नवंबर से प्रदेश के कई जिलों और महानगरों में भूमि बचाओ-धामी हटाओ अभियान चलाने जा रही हैं. कांग्रेस ने अपने कई बड़े नेताओं को इस अभियान की जिम्मेदारी सौंपी हैं. वहीं कांग्रेस के इन आरोपों पर आज तीन नवंबर को बीजेपी का भी जवाब आया हैं. बीजेपी ने कांग्रेस के इस अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि जनता की जमीन बीजेपी बचा रही, कांग्रेस अपनी राजनैतिक जमीन बचाए.
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस के भूमि बचाओ अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में भूमाफिया संस्कृति पैदा करने और उसे पालन-पोषणे का काम कांग्रेस की सरकार ने किया है. बीजेपी की सरकारों ने तो सख्त भू-कानून लागू किया और अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई कर हजारों एकड़ जमीनों को बचाया है.
कांग्रेस सरकार हुए जमीनों के घोटाले, बीजेपी का आरोप: विनोद चमोली का आरोप है कि कांग्रेस की पहली निर्वाचित सरकार में भूमि खरीद के अवैध तरीकों को करोबार बनाने से लेकर घोटालों तक के तमाम बड़े मामले में सामने आए थे. ऐसे में कांग्रेस को इस तरह की यात्रा निकालने का कोई नैतिक अधिकार ही नहीं है.
बीजेपी ने कांग्रेस की मंशा पर उठाए सवाल: विनोद चमोली का आरोप है कि इस अभियान में पीछे कांग्रेस की मंशा प्रदेश में हो रहे निवेश, बढ़ते रोजगार के अवसरों और पर्यटन आदि विकास के कामों को बाधित और बदनाम करने की है. आगे उन्होंने कहा कि ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस तरह का अभियान चलने वाली पार्टी कांग्रेस है, जो अपनी सरकारों में भूमाफिया संस्कृति को पनपाने और चार दर्जन से अधिक भूमि घोटालों की जनक रही है.
विनोद चमोली का आरोप है कि देहरादून के ही धौलास में मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की कांग्रेसी सरकारों की कोशिशों का हाल ही में नया खुलासा हुआ था. धौलास में जिस जमीन पर प्लॉटिंग हुई, उसके बार में बाद में पता चला कि वो भूमि पूर्व सीएम दिवंगत एनडी तिवारी सरकार के कार्यकाल में शेखुल्ल एजुकेशनल ट्रस्ट को आवंटित हुई थी.
विनोद चमोली के अनुसार करीब 20 एकड़ भूमि सस्ती दरों पर शेखुल्ल एजुकेशनल ट्रस्ट को दी गई थी. उस जमीन में तमाम उतार-चढ़ाव के बाद प्लॉटिंग कर 15 लोगों को बेचा गया था. बाद में वो जमीन लगभग 80 लोगों में आगे आवंटित हुई.
कांग्रेस पर कसा तंज: विनोद चमोली का कहना है कि कांग्रेस का भूमि बचाओ अभियान उत्तराखंड की जमीन बचाने के लिए नहीं है. क्योंकि जमीन तो उन्ही की सरकारों के कार्यकाल में ही खुद खुर्द-बुर्द हुई थी. कांग्रेस का ये अभियान अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए है, लेकिन वे कितने भी प्रयास कर लें जनता उन्हें माफ नहीं करेगी.
विनोद चमोली ने कहा कि जनता का आशीर्वाद बीजेपी के साथ है. बीजेपी उत्तराखंड के अंदर तीसरी बार सत्ता में आएगी. कांग्रेस तमाम नारे देकर, लोगों को भ्रमित करने का प्रयास जरूर करते हैं, लेकिन जैसे ही चार कदम जाते हैं, एक्सपोज हो जाते हैं.
