जयपुर: तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के दो दिन बाद भी जश्न का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी में भाजपा जयपुर शहर की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक साथ फिल्म ‘धुरंधर 2’ देखकर जीत का उत्सव मनाया. कार्यक्रम के दौरान बंगाल की पारंपरिक झालमुड़ी का विशेष आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहा.
जीत को उत्सव के रूप में मनाने का समय: भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि यह पार्टी के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मिली यह जीत पार्टी की नीतियों और कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम है. गोयल ने कहा कि भाजपा जयपुर शहर के कार्यकर्ता इस जीत को उत्सव के रूप में मना रहे हैं और यह कार्यक्रम उसी का हिस्सा है.
इस आयोजन में भाजपा के विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाना और जीत की खुशी को सामूहिक रूप से साझा करना था. कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल चुनाव में राजस्थान से गए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की विशेष उपस्थिति भी रही. इस आयोजन में विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.
पारंपरिक झालमुड़ी रही विशेष आकर्षण: कार्यक्रम स्थल पर पश्चिम बंगाल की प्रसिद्ध पारंपरिक झालमुड़ी का विशेष इंतजाम था, जिसने बंगाली संस्कृति की झलक पेश कर माहौल को भक्तिमय बना दिया. इस दौरान पश्चिम बंगाल चुनाव में जीत के लिए योगदान देने वाले राजस्थान के नेताओं का सम्मान किया गया. इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक प्रणामी भी मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने जीत के नारों के साथ आगामी चुनावों में भी इसी प्रदर्शन का संकल्प लिया.
