पटना: पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज कैबिनेट की बैठक बुलाई है. सुबह 10:30 बजे से मुख्य सचिवालय के कैबिनेट हॉल में यह बैठक होगी. मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सभी मंत्रियों के साथ यह पहली कैबिनेट बैठक होगी. इस बैठक में सम्राट चौधरी बिहार सरकार के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दे सकते हैं.
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की उम्मीद: दरअसल, केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों का दो प्रतिशत महंगाई भत्ता काफी पहले बढ़ा दिया है. केंद्र सरकार के फैसले के बाद आमतौर पर बिहार सरकार भी ऐसा ही निर्णय लेती रही है. ऐसे में आज सम्राट चौधरी अपनी सरकार की तरफ से कर्मचारियों को पहला बड़ा तोहफा दे सकते हैं.
कितना बढ़ेगा भत्ता: बिहार सरकार 10 लाख से अधिक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का 2% महंगाई भत्ता बढ़ा सकती है. बिहार सरकार के कर्मचारियों को अभी 58% महंगाई भत्ता मिलता है, जो बढ़कर अब 60% हो जाएगा. पिछले साल नीतीश कुमार की सरकार ने इसमें 3% की बढ़ोतरी की थी, जिससे यह 55% से बढ़कर 58% हो गया था. अब यदि सरकार 2% और बढ़ाती है, तो यह 60% हो जाएगा.
रोजगार और बड़े फैसलों पर नजर: नौकरी और रोजगार को लेकर भी सबकी नजरें इस बात पर रहेंगी कि सम्राट चौधरी की सरकार इस बार क्या फैसला लेती है. विधानसभा चुनाव में एनडीए ने एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने का वादा किया है. मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी की सरकार अब तक तीन कैबिनेट बैठकें कर चुकी है, जिनमें कई बड़े फैसले लिए गए हैं.
बैठक में 35 मंत्री मौजूद रहेंगे: अब तक कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव ही फैसले लेते रहे थे. अब इस बैठक में सम्राट चौधरी सहित सभी 35 मंत्री मौजूद रहेंगे. इस पहली संपूर्ण कैबिनेट बैठक में सरकार कौन-कौन से बड़े फैसले लेती है, इस पर सबकी नजर टिकी है.
