देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं के नौ लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों के बैंक खातों में 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। यह पेंशन राशि जुलाई माह की है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे मिल सके।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने पेंशन लाभार्थियों को पेंशन की धनराशि हस्तांतरित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि समाज का कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। प्रयास है कि किसी बुजुर्ग माता-पिता, विधवा या दिव्यांग को पेंशन के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक, समय पर और बिना परेशानी के उसका अधिकार पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि जुलाई माह की पेंशन किश्त का भुगतान किया गया है। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं, जिन्हें एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।
आठ श्रेणियों में पेंशन का वितरण
- वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 92.34 करोड़
- विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 35.54 करोड़
- दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 13.36 करोड़
- किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 3.27 करोड़
- परित्यक्ता पेंशन के 8,284 को 99.40 लाख
- भरण-पोषण अनुदान के 7,383 को 51.68 लाख
- तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 को 26.35 लाख
- बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1.52 लाख
