शिमला। कांग्रेस हाईकमान ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के किसी भी पदाधिकारी की कुर्सी स्थायी नहीं है। स्पष्ट किया कि संगठन में किसी पद पर बने रहना स्थायी अधिकार नहीं होगा। पदाधिकारियों का मूल्यांकन उनके काम और सक्रियता के आधार पर होगा। हाईकमान ने प्रदेश में संगठन के पदाधिकारियों के तीन महीने के कामकाज की रिपोर्ट तलब की है।
राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता में वीरवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हिमाचल कांग्रेस के कामकाज की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और सह प्रभारी विदित चौधरी व चेतन चौहान मौजूद भी रहे।
इस दौरान प्रदेश से लेकर ब्लाक स्तर तक संगठन की गतिविधियों और पदाधिकारियों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। नीट पेपर लीक और श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर प्रदेशभर में चलाए आंदोलन में जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों की भूमिका को भी समीक्षा का आधार बनाया गया।
ग्रीन, यलो और रेड जोन में बांटे जाएंगे पदाधिकारी
पदाधिकारियों के प्रदर्शन के आधार पर ग्रीन, यलो और रेड जोन में रखने पर भी चर्चा हुई। ग्रीन जोन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारी शामिल होंगे। बेहतर प्रदर्शन पर बड़ी जिम्मेदारी देकर पुरस्कृत किया जा सकता है। यलो जोन वाले में उन पदाधिकारियों को रखा जाएगा, जिनमें सुधार और बेहतर काम करने की गुंजाइश है।
ऐसे पदाधिकारियों को चेतावनी देकर काम में सुधार का अवसर दिया जाएगा। दो बार चेतावनी के बावजूद प्रदर्शन में सुधार नहीं होने पर उन्हें संगठन से बाहर किया जा सकता है। रेड जोन में आने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन को आधार बनाकर संगठन से हटाने का निर्णय लिया जा सकता है।
संगठन में नई नियुक्तियां जल्द
दोपहर बाद मुख्यमंत्री सुक्खू व प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अलग से भी बैठक हुई। इसमें संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए लंबित नियुक्तियों पर चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जल्द नई नियुक्तियां किए जाने की संभावना है।
इसके लिए सूची हाईकमान को सौंपी जा चुकी है। सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए कैबिनेट मंत्रियों को जिलों का प्रभारी बनाए जाने पर भी विचार किया गया है। बाद में मुख्यमंत्री सुक्खू राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनके आवास पर मिले।
सुंदर सिंह ठाकुर का मंत्री बनना लगभग तय
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और वह विधानसभा और मंचों से कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर का नाम सार्वजनिक कर चुके हैं। ऐसे में कोई विरोध नहीं है।
हालांकि, अब भी दावेदारी करने वाले पीछे नहीं हट रहे। विधानसभा उपाध्यक्ष और मुख्य सचेतक की नियुक्ति पर भी निर्णय लिया जा सकता है। पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल को नई जिम्मेदारी मिल सकती है।
कल शिमला आ सकती हैं प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 15 अगस्त को शिमला आ सकती हैं। 17 और 18 अगस्त को उनका मंडी जिले के दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी आने वाले दिनों में हिमाचल दौरे का कार्यक्रम बन सकता है।
बैठक से पहले लौटे मुकेश, शुक्ल से की मुलाकात
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री दिल्ली से में हुई बैठक में मौजूद नहीं रहे। उन्होंने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात की थी। वीरवार को उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल से भी मुलाकात की। इसके बाद वह ऊना लौट आए।
