देहरादून: कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी के कोटा से शुरू किए गए कार्यक्रम की तैयारी में उत्तराखंड कांग्रेस जुट गई है. देश भर के 28 शहरों के साथ-साथ उत्तराखंड में भी तैयारियां जोरों पर हैं. उत्तराखंड कांग्रेस ने भी पार्टी के 40 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत कर दी है. उत्तराखंड से 50 सदस्यीय एक्शन टीम तैयार कर दी गई है.
कांग्रेस की जन आंदोलन की तैयारी: पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी जन जागरण अभियान शुरू करने का फैसला लिया है. इस अभियान के लिए देश के 28 प्रमुख शहरों को चुना गया है जिसमें देहरादून भी शामिल है. इस अभियान के पहले चरण में 40 दिनों तक देश भर में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. 24 जून को 28 शहरों में पहले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व ने प्रेस वार्ता की थी. इसी कड़ी में 1 अगस्त को ‘राष्ट्रवाद का सत्याग्रह’ और 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ संसद घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस के युवा और छात्र संगठन भाग लेंगे.
नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी: कांग्रेस ने देहरादून शहर के लिए अभियान का संयोजक पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्र भुल्लर को बनाया है. इसके साथ ही बेहतर तालमेल के लिए वैभव वालिया और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को दायित्व सौंपा गया है. इसके साथ ही 50 सदस्यीय एक्शन टीम का गठन किया गया है, जिसमें पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है.
50 सदस्यों को दिया गया प्रशिक्षण: सोमवार को कांग्रेस की तरफ से 50 सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया. यह सदस्य विभिन्न कोचिंग सेंटरों में जाकर छात्रों और युवाओं से संवाद स्थापित करेंगे और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को पेपर लीक जैसे विभिन्न घटनाक्रम के बारे में बताएंगे. ज्योति रौतेला का कहना है कि इन 40 दिनों में एक्शन टीम के सदस्य हॉस्टल, कॉलेजों में विजिट करके लोगों को पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं, युवाओं के भविष्य के साथ किये जा रहे खिलवाड़ के बारे में बताएंगे.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रही कांग्रेस: ज्योति रौतेला ने कहा कि-
लगातार पेपर लीक होने से देश के युवाओं का विश्वास टूटा है. एजुकेशन सिस्टम पूरी तरह से फेल हो गया है. कांग्रेस छात्रों की गूंज कार्यक्रम के तहत शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की प्रमुखता से मांग करेगी.
-ज्योति रौतेला, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष-
