लखनऊ: देश की एकता, संप्रभुता और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की एक और बड़ी आतंकी साजिश को उत्तर प्रदेश पुलिस, ATS और STF ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के साथ मिलकर बेनकाब कर दिया है. अपर पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं को बरगलाकर आतंकी नेटवर्क खड़ा करने वाले पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके गुर्गों के खिलाफ यूपी पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए अब तक 12 FIR दर्ज कर 52 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है.
उन्होंने बताया कि शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क को यूएपीए के तहत आतंकवादी घोषित कराने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
बड़ी मात्रा में हथियार और भड़काऊ सामग्री बरामद: इस नेटवर्क पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए यूपी पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों को यूएपीए के तहत आतंकी घोषित करने का आग्रह किया है. जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी अपने प्रमुख साथियों आबिद जट्ट, हम्माद मेमन उर्फ हम्माद बरकाती, जावेद पाकिस्तानी, रजा भाई, अजमल गुर्जर, राशिद भट्टी, राणा हुनैन सहित मेजर इकबाल, मेजर हमीद और मेजर अनवर के जरिए भारतीय युवाओं को सोशल मीडिया पर जोड़ रहा था.
संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने का प्लान: युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए लगातार रेडिकलाइज बनाया जा रहा था. इस नेटवर्क का मकसद हिंदू धार्मिक नेताओं, एक्स-मुस्लिमों, राजनेताओं और पुलिसकर्मियों की हत्या करना तथा बीजेपी/आरएसएस कार्यालयों, थानों व संवेदनशील ठिकानों पर पेट्रोल बम, ग्रेनेड से हमले कराकर दहशत फैलाना था. युवाओं से पहले रेकी, आगजनी और विवादित पोस्टर चिपकवाए जाते थे, फिर उनसे बड़े आतंकी हमले कराने की योजना थी. 26 मई 2026 को यूपी पुलिस व केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर प्रदेश भर में बड़ा ऑपरेशन चलाकर नेटवर्क से जुड़े करीब 175 संदिग्धों को खंगाला.
प्रदेश भर में 12 मुकदमे दर्ज, 52 अभियुक्त गिरफ्तार: अब तक लखनऊ एटीएस, हापुड़, गाजियाबाद और बिजनौर में कुल 12 मुकदमे दर्ज कर 52 अभियुक्तों को दबोचा गया. इनके कब्जे से विदेशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू, ज्वलनशील लिक्विड पेट्रोल बम सामग्री और भड़काऊ पोस्टर बरामद हुए. नेटवर्क के लगभग 60 संदिग्धों पर 127 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है. स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चलाए गए सर्च ऑपरेशन में नेटवर्क से जुड़े 62 संदिग्धों को चिन्हित कर कड़ी पूछताछ की गई.
नेटवर्क को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग: जुलाई 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को आधिकारिक पत्र भेजा है. इसमें विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1967 (UAPA) की धारा 35 के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए शहजाद भट्टी नेटवर्क और इसके सक्रिय सदस्यों को औपचारिक रूप से आतंकवादी घोषित कर अधिनियम की चौथी अनुसूची में शामिल करने का अनुरोध किया गया है. आईएसआई के इशारे पर भारत में आतंकी साजिश रच रहे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क पर यूपी पुलिस व एटीएस ने बड़ा प्रहार किया है. गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर पूरे नेटवर्क को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की गई है.
