देहरादून। केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून की ओर से चकराता स्थित चिल्ड्रन्स पार्क में मंगलवार से तीन दिवसीय ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से केंद्र सरकार की रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा उनमें सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय और जनसहभागिता को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान जौनसार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के लिए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर पोस्टर मेकिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्रों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नशा मुक्ति का संदेश दिया।
आयोजन स्थल पर बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, खंड विकास विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा सूचना स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
तीन दिवसीय इस कार्यक्रम के दौरान चित्र प्रदर्शनी, जन-जागरूकता अभियान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को केंद्र सरकार की योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
