धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष को खुली चुनौती दे डाली. चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री दरअसल प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बिना रहे थे इसी बीच विपक्ष के विधायक बोलने लगे तो डिप्टी सीएम ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि सरकार सदन में किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है. विपक्ष जिस विषय पर चर्चा करना चाहता है, उसे सदन में लेकर आए, सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है. उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने हिमाचल प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं और वर्षों से लंबित मामलों को अंजाम तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए हैं.
सरकार हर चर्चा के लिए सदन में पूरी तरह तैयार
हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि, “सरकार विपक्ष की हर चर्चा के लिए सदन में पूरी तरह तैयार है. विपक्ष द्वारा उठाए गए हर सवाल और मुद्दे का तथ्यों के साथ करारा जवाब दिया जाएगा. प्रदेश सरकार ने हिमाचल के हक़ और अधिकारों के लिए बीबीएमबी, किशाऊ बांध परियोजना, जेएसडब्ल्यू, एवं वाइल्ड फ्लावर हॉल के लंबित मामलों में निर्णायक लड़ाई जीत कर प्रदेश का भविष्य सुरक्षित किया है.”
मुकेश अग्निहोत्री ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) में हिमाचल प्रदेश के हिस्से और जीएसडब्ल्यू हाइड्रो प्रोजेक्ट्स सहित विभिन्न परियोजनाओं से मिलने वाली रॉयल्टी के मुद्दों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इन मामलों को आगे बढ़ाने और प्रदेश के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए वर्तमान सरकार ने अलग से प्रयास किए हैं. सरकार ने केवल इन मुद्दों को उठाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि इन्हें उनके तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने की दिशा में काम किया है.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बीबीएमबी में प्रदेश के हिस्से और विभिन्न हाइड्रो प्रोजेक्ट्स से मिलने वाली रॉयल्टी तक, ये सभी मामले हिमाचल के हितों और आर्थिक भविष्य से जुड़े हैं. प्रदेश के संसाधनों पर हिमाचल के अधिकार सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता रही है. उन्होंने कहा कि इन मामलों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने गंभीरता से काम किया और आवश्यक स्तर पर लगातार प्रयास किए.
पूर्व CM के आरोपों पर डिप्टी सीएम का पलटवार
इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर पांच साल तक लगातार सत्ता में रहे, लेकिन उनके कार्यकाल में इन महत्वपूर्ण मामलों को अपेक्षित अंजाम तक नहीं पहुंचाया जा सका. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सत्ता में आने के बाद इन मामलों को प्राथमिकता दी और अलग से प्रयास करके प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाया. उपमुख्यमंत्री ने तीखे लहजे में विपक्ष को चुनौती दी की विपक्ष हिमाचल से जुड़ा कोई भी मुद्दा सदन में चर्चा के लिए लाए सरकार सभी चर्चाओं का जवाब देगी.
‘मिशन रिपीट की आहट से विपक्ष में बौखलाहट’
हिमाचल फॉर सेल नारे पर डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि, मिशन रिपीट की आहट से विपक्ष पूरी तरह बौखला गया है. जनता के मुद्दों को उठाने और एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाने में विपक्ष पूरी तरह विफल साबित हुआ है. नेता प्रतिपक्ष बताएं कि उनके पास ऐसा क्या प्रूफ है कि सरकार विधानसभा बेच रही है. न तो हम विधानसभा बेच रहे हैं और न ही पीटरहॉफ बेच रहे हैं. ये झूठ का महल बनाने का प्रयास कर रहे हैं. प्रदेश में जिस तरह से मिशन रिपीट की बातें चल पड़ी हैं, उससे लग रहा है कि ये अब घबरा गए हैं. अभी पांच साल और आपको विपक्ष में बैठना है. भापजा के नेता विकास विरोधी हो गए हैं.
