एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन के बीच मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भारतीय हॉकी खिलाड़ियों से मिलकर भावुक नजर आए।
बुधवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित रात्रिभोज में उन्होंने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह समेत विभिन्न देशों के खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। मान ने खिलाड़ियों से बातचीत की और भारतीय टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए हरमनप्रीत की पीठ थपथपाकर हौसला बढ़ाया। भारतीय टीम ने मुख्यमंत्री को हस्ताक्षर वाली जर्सी और हॉकी स्टिक भेंट की।
रात्रिभोज में भारत के अलावा मलेशिया, चीन, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और जापान की हॉकी टीमों के खिलाड़ी व अधिकारी शामिल हुए। इस मौके पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलविंदर शम्मी और जालंधर के उपायुक्त वरजीत वालिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पंजाब में विश्व कप कराने की पैरवी
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब को दोबारा अंतरराष्ट्रीय हॉकी के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की इच्छा जताई। वह वर्ष 2030 में होने वाले हॉकी विश्व कप की मेजबानी पंजाब को दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने हॉकी इंडिया से पंजाब के पक्ष में पैरवी करने का आग्रह किया है। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी भविष्य में भारत को बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की मेजबानी मिलने पर पंजाब को प्राथमिकता दिलाने के प्रयास करने की बात कही।
बेटे को कप्तानी करते देख नम हुईं पिता की आंखें
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह के परिवार के लिए भी भावुक पल लेकर आया। जालंधर के सुरजीत हॉकी स्टेडियम में बेटे को अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में खेलते और भारतीय टीम की कप्तानी करते देख पिता सरबजीत सिंह की आंखें नम हो गईं। जिस बेटे को वह कभी छोटी उम्र में हॉकी अकादमी छोड़ने जाया करते थे, उसे देश की टीम का नेतृत्व करते देखना उनके लिए गर्व का क्षण रहा। पंजाब में हो रही इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता ने राज्य की हॉकी विरासत को फिर चर्चा में ला दिया है। मुख्यमंत्री की कोशिश है कि जालंधर में सफल आयोजन के बाद पंजाब को हॉकी विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी मिले और राज्य की पहचान विश्व हॉकी में और मजबूत हो।
