हरिद्वार: भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है. आज कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने हरिद्वार प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य भाजपा नेताओं के बयानों पर पलटवार किया. उन्होंने भाजपा पर विकास और अर्थव्यवस्था से जुड़े आंकड़ों को लेकर जनता के सामने गलत तस्वीर पेश करने का आरोप लगाया. साथ ही प्रदेश सरकार से तीन प्रमुख मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की.
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि, भाजपा कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेता शामिल हुए. उन नेताओं की ओर से विकास और सरकार की उपलब्धियों के बड़े बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है. उन्होंने कहा कि, भाजपा नेताओं की ओर से जीडीपी समेत कई आंकड़े पेश किए गए, जिनकी वास्तविकता जनता के सामने स्पष्ट की जानी चाहिए.
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा 65 सीटों का आंकड़ा तो दूर, ढाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी. आलोक शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार के कामकाज का हिसाब चुनाव में देगी.
उन्होंने भाजपा सरकार से तीन प्रमुख मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की. आलोक शर्मा ने कहा कि,
सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि भाजपा के शासनकाल में उत्तराखंड के कितने युवा अग्निवीर के रूप में सेना में भर्ती हुए और भाजपा सरकार से पहले कितने युवाओं को सेना में भर्ती होने का अवसर मिला. भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड में कितने सरकारी स्कूल बंद किए गए, इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए. शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार के दावों और धरातल की स्थिति में अंतर है.
-आलोक शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता, कांग्रेस-
इसके साथ ही भर्ती घोटालों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा. आलोक शर्मा ने पूछा कि, उत्तराखंड में भर्ती घोटालों के मामले में कितने लोग जेल गए, संबंधित परीक्षाओं में कितने अभ्यर्थी शामिल हुए और कितने अभ्यर्थियों की परीक्षा फीस वापस की गई. उन्होंने कहा कि सरकार इन सभी सवालों के आंकड़े सार्वजनिक करे और व्हाइट पेपर जारी करे, ताकि जनता को वास्तविक स्थिति का पता चल सके. उन्होंने कहा कि, कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और भाजपा के दावों की वास्तविकता सामने रखेगी.
