देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा अपने 6 दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रही हैं. अपने दौरे के दौरान उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने के साथ ही आने वाले चुनाव को लेकर संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ चुनावी रणनीति पर विचार विमर्श करेंगी. साथ ही वो हस्ताक्षर अभियान में भी हिस्सा लेंगी.
गौर हो कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा 17 नवंबर यानि आज से अपने 6 दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रही हैं. इस दौरान वे कुमाऊं मंडल से लेकर देहरादून तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर मंथन करेंगी. कुमारी सैलजा अपने दौरे के दौरान उत्तराखंड के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी की ओर से कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में भाग लेंगी, इसके अलावा वो कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी करेंगी. प्रदेश प्रभारी के कुमाऊं मंडल के दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सह प्रभारी मनोज यादव समेत पार्टी के विधायक और बड़े नेता प्रतिभाग करेंगे.
इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल चमोली के थराली से दौरे में शामिल रहेंगे. जानकारी देते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महामंत्री और कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र शाह ने बताया कि कुमारी सैलजा 17 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे टनकपुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी, उसके बाद 18 नवंबर को 10:30 बजे लोहाघाट में जनसभा को संबोधित करने के बाद दोपहर 2 बजे पिथौरागढ़ में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान और कार्यकर्ता बैठकों में भाग लेंगी. इसी तरह 19 नवंबर को दोपहर 12 बजे गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के बेरीनाग में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी.
20 नवंबर को दोपहर 12 बजे कुमारी सैलजा संगठनात्मक मजबूती को लेकर बागेश्वर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में शामिल होंगी. 21 नवंबर को सवेरे 11 बजे थराली में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद 22 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करके चुनावी रणनीति पर विमर्श करेंगी. राजेंद्र शाह ने बताया कि पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा 15 नवंबर से 20 नवंबर तक गढ़वाल मंडल के रुद्रप्रयाग उत्तरकाशी होते हुए 21 नवंबर को थराली विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम में प्रतिभाग करने जा रहे हैं.
