शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार सुबह शिमला से धर्मशाला के लिए रवाना होंगे। धर्मशाला पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री कांग्रेस विधायक दल की होने वाली बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री के दिल्ली रवाना होने की भी संभावना है। दिल्ली में 16 नवम्बर को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में मुख्यमंत्री सुक्खू इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं।
हालांकि, मुख्यमंत्री का दिल्ली जाने का कार्यक्रम अभी संभावित है। वहीं रविवार को मुख्यमंत्री शिमला में ही रहे। इस दौरान प्रदेशभर से आए विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों और लोगों ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर में उनसे मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण सरकारी फाइलों और प्रशासनिक मामलों का निपटारा भी किया। वहीं, अब सोमवार को धर्मशाला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक और शीतकालीन सत्र की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री के कार्यक्रम पर सबकी नजरें रहेंगी।
