देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस नेताओं को अपनी हार नजर आने लगी है। इसीलिए कांग्रेस नेताओं का व्यवहार बदलने लगा है। कांग्रेस के नेता हताशा में हैं।
अपनी हताशा-निराशा को दूर करने के लिए जगह-जगह अराजकता और अमर्यादित व्यवहार कर रहे हैं। यह व्यवहार प्रदेश से लेकर देश के कांग्रेस नेताओं में समान रूप से देखने को मिल रहा है। यह संकेत है कि कांग्रेस को जनता के बीच अपनी स्थिति का अहसास हो गया है।
उन्होंनेे कहा कि जनता यह सब देख रही है और समय आने पर उनको वहीं भेज देगी, जहां पर ये बैठे हैं। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन लगातार सक्रिय है।
इसी क्रम में पार्टी की बैठक में चुनावी रणनीति, संगठन की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व का पूरा फोकस चुनाव पर है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से दिए गए लक्ष्य को हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव को लेकर पूरी तरह लक्ष्य केंद्रित है। संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। पार्टी अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरेगी।
