हरिद्वार: अगले साल होने जा रहे हरिद्वार कुंभ 2027 को लेकर अखाड़ों में चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया है. पिछले प्रयागराज महाकुंभ से अलग हुई अखाड़ा परिषद के दोनों धड़े हरिद्वार कुंभ से पहले एक हो गए हैं. सीएम धामी के प्रयासों के चलते अखाड़ों के बीच मननुटाव दूर हो गया है. इसी कड़ी में भगवान कार्तिकेय जयंती पर निरंजनी अखाड़े में आयोजित संत सम्मेलन में संतों ने आगामी कुंभ मेले को भव्य कुंभ के तौर पर मनाने की घोषणा की. हालांकि, जूना अखाड़ा इस कार्यक्रम से अलग रहा, लेकिन संतों ने कहा कि जल्द ही वे भी एक ही मंच पर नजर आएंगे.
दो धड़ों में बंट गई थी अखाड़ा परिषद: बता दें कि प्रयागराज महाकुंभ 2025 में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद दो धड़ों में बंट गई थी. एक अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्रपुरी और दूसरी अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्रपुरी बन गए थे. दोनों अखाड़ा परिषद अपने साथ 8 अखाड़े होने का दावा करते चले आ रहे हैं. इस प्रकार अखाड़ा परिषद दो गुटों में बट गई थी. एक को निरंजनी और दूसरी को महानिर्वाणी गुट वाली अखाड़ा परिषद कहा जाने लगा.
एक साथ नजर आए दोनों अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष: सरकार के आमने भी अखाड़ा परिषद को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी कि किसे वैध अखाड़ा परिषद माना जाए. इधर, उत्तराखंड सरकार भव्य कुंभ की तैयारी कर रही है और हरिद्वार कुंभ 2027 से पहले दोनों अखाड़ा परिषद एक हो गई. रविवार यानी 15 नवंबर को दोनों अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एक साथ नजर आए. 13 में से जूना अखाड़े को छोड़कर सभी 12 अखाड़ों के साधु संत भी कार्यक्रम में नजर आए.
क्या बोले निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज?
“भगवान कार्तिकेय के आशीर्वाद से सभी अखाड़े एक हो गए हैं. उनकी जयंती पर सभी अखाड़ों के साधु संतों ने एक साथ बैठकर पूजा अर्चना की और भोजन प्रसाद भी ग्रहण किया. हरिद्वार कुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए अखाड़ा परिषद का एक होना आवश्यक था. मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के ऐतिहासिक कुंभ के सपने को सभी अखाड़े मिलकर साकार करेंगे. जूना अखाड़ा यदि रूठा है, तो सभी अखाड़े मिलकर उसे भी मना लेंगे.“- स्वामी कैलाशानंद गिरि, महामंडलेश्वर, निरंजनी अखाड़ा
क्या बोले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्रपुरी?
“अखाड़े कभी अलग अलग नहीं होते, जहां भी सरकार की बात आती है, तो सभी अखाड़े एक हो जाते हैं. उज्जैन, नासिक और हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले में सभी अखाड़े एक साथ नजर आए. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने किसी अखाड़े को गैर नहीं समझा. इसलिए आज सभी अखाड़े एक हो गए हैं. हरिद्वार कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए जल्द ही सभी अखाड़ों के साधु संत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे.“- महंत रवींद्रपुरी, अध्यक्ष, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद
क्या बोले महानिर्वाणी गुट वाली अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज?
“अखाड़े कभी नहीं थे. सभी अखाड़े एक थे, एक हैं और एक रहेंगे. आपस में लड़ना अखाड़ों का स्वभाव नहीं है. अखाड़े में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद कभी नहीं होते. सभी अखाड़े मिलकर हरिद्वार को मेले का दिव्य और भव्य आयोजन करेंगे.“- करौली शंकर महाराज, राष्ट्रीय मीडिया संयोजक, अखाड़ा परिषद
बता दें कि अगले साल यानी 2027 में हरिद्वार में अर्धकुंभ होने जा रहा है. जिसे सरकार पूर्ण कुंभ बताकर प्रचारित कर रही है. साथ ही उसकी जोरों से तैयारी कर रही है. जिसे लेकर सीएम धामी कर बार बैठक कर चुके हैं. इतना ही नहीं केंद्र से कुंभ के लिए 14,520 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित भी किया गया है. जिसमें 7,260 मीट्रिक टन गेहूं और 7,260 मीट्रिक टन चावल का आवंटन किया गया है.
