बरेली : मनोहर भूषण इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामाजिक समरसता कार्यक्रम में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका. उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से बरेली की सभी नौ विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कराने का लक्ष्य लेकर काम करने की अपील की. उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला भी बोला.
कार्यक्रम में आयोजक बहोरन लाल मौर्य ने बड़ी माला पहनाकर केशव मौर्य का स्वागत किया. धौराटांडा से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया. उन्हें तस्वीर और भगवान राम, सीता व लक्ष्मण की प्रतिमा भेंट की गई. मंच पर सांसद छत्रपाल गंगवार, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, संजीव अग्रवाल, राघवेंद्र शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. हालांकि मंच पर भुजेंद्र गंगवार को काफी देर तक बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिली और वह इंतजार करते नजर आए.
केशव मौर्य ने कहा कि सपा सरकार में गुंडे और माफिया हावी थे तथा पुलिस अपराधियों से डरती थी. भाजपा सरकार में अपराधी पुलिस से डरते हैं. उन्होंने कांग्रेस पर आतंकवाद के मुद्दे पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भारत आतंकियों के ठिकानों पर कार्रवाई करने की ताकत रखता है.
उन्होंने पीडीए के नारे, आरक्षण और विपक्ष की राजनीति पर भी सवाल उठाए. साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी और गरीबी उन्मूलन से जुड़ी योजनाओं का जिक्र किया. उन्होंने लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की.
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि टिकट किसी को भी मिले, सभी को कमल के निशान के लिए काम करना है. 2027 में बरेली की सभी नौ सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरना होगा.
