लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एआईएमआईएम और आसपा (आजाद समाज पार्टी) के गठबंधन से बने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) के गठन का स्वागत किया है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बहाने उन्होंने पीडीए को भाजपा के विरुद्ध बड़ा राजनीतिक विकल्प बताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में जिसका आधारभूत वोट अधिक होगा, परिवर्तन चाहने वाली जनता उसी की तरफ जाएगी। दावा किया कि पीडीए से बड़ा कोई अन्य विकल्प नहीं है।
अखिलेश ने इंटरनेट मीडिया पर किए गए पोस्ट में लिखा है कि समाज के स्तर पर परिवर्तन होना चाहिए, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ सक्रिय होगा। पीडीए समाज के हित में सांप्रदायिक ताकतों से लड़ने और उसकी आवाज उठाने वाले किसी भी दल की ईमानदार आवाज को जनता तक पहुंचाने में सहयोग करेगा।
भाजपा को दो-तीन प्रतिशत का अनुमान
कहा कि इससे विपक्ष को भी लाभ होगा और भावनात्मक नारों के प्रभाव में सांप्रदायिक ताकतों को वोट देने वाले लोगों के सामने एक और विकल्प खुलेगा। उनके आकलन में इससे भाजपा को दो-तीन प्रतिशत और वोटों का नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र मजबूत होता है, बशर्ते इनके गठन के पीछे समाज की भलाई की मंशा हो, न कि किसी तीसरे का छिपा एजेंडा। केवल बयानबाजी से सरगर्मी पैदा करने वालों का सच जनता समझती है। यदि कोई दल सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता उसकी जमानत भी जब्त करा सकती है। अखिलेश ने उम्मीद जताई कि नए राजनीतिक समीकरणों से वोटों की ठेकेदारी प्रथा खत्म होगी और सभी दल अपने समाज के हित में काम करेंगे।
