पंजाब को नशा मुक्त बनाने और ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को राज्य भर में 1,000 नए पेंडू खेड मैदान का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही राज्य के कुल तय लक्ष्य 3,100 में से अब तक 1,764 आधुनिक खेल मैदानों का उद्घाटन पूरा हो चुका है।
फतेहगढ़ साहिब जिले के हलका अमलोह स्थित गांव शाहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सीएम मान ने कहा कि पंजाब आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का हब बनेगा। हमारी सरकार राज्य की युवा ऊर्जा को नशे के कोढ़ से बचाकर मैदानों की तरफ मोड़ने के लिए दिन-रात काम कर रही है।
सीएम ने कहा कि राज्य भर में 3,100 आधुनिक खेल मैदान तैयार किए जाने हैं, जिनमें से 1,764 मैदान अब तक शुरू किए जा चुके हैं। हर मैदान में फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और क्रिकेट किट मुहैया कराई जाएंगी। साथ ही युवाओं को मुफ्त कोचिंग देने के लिए वॉलीबॉल और फुटबॉल कोच तैनात होंगे।
युद्ध नशेयां विरुद्ध मुहिम के तहत बच्चों को खेलों से जोड़ा जा रहा
सीएम मान ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर 1,500 करोड़ रुपये की लागत से खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार किया जा रहा है, ताकि युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकाला जा सके।
सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों ने न तो गांवों को जरूरी ग्रांट दीं और न ही जमीनी स्तर पर कोई विकास कार्य किए। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन ग्रामीण खेल मैदानों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
रात में अभ्यास के लिए मैदानों में हाई-मास्ट लाइटें और फुट-लाइट्स वाले 6-फुट चौड़े वॉकिंग ट्रैक। 6-फुट ऊंची चेन-लिंक बाउंड्री फेंसिंग, हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण और वाटर सबमर्सिबल पंप।
चेंजिंग रूम, पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग शौचालय, उपकरण स्टोर रूम और बच्चों के लिए झूले व स्लाइड्स वाला किड्स जोन। चुनिंदा मैदानों में एथलेटिक्स को बढ़ावा देने के लिए 400-मीटर का 6-लेन रनिंग ट्रैक तैयार किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि यह बेहद खुशी की बात है कि आज 1,000 और खेल मैदान समर्पित किए गए हैं। इन मैदानों में पसीना बहाकर हमारे युवा आने वाले वर्षों में पूरी दुनिया में पंजाब का नाम रोशन करेंगे।
गांव स्तर पर पंचायतें और कमेटियां करेंगी देखभाल
खेल मैदानों के रखरखाव के लिए ग्राम पंचायतों के नेतृत्व में विशेष कमेटियों का गठन किया गया है। इन कमेटियों में सरपंच, यूथ क्लब के प्रधान, संबंधित जूनियर इंजीनियर और पंचायत सचिव शामिल होंगे। इसके अलावा कमेटी में एक महिला सदस्य या स्थानीय खिलाड़ी को भी नामांकित किया जाएगा, ताकि मैदान हमेशा क्रियाशील रहें।
पंजाब में खेलों को बढ़ावा: बजट और उपलब्धियां
₹1,744 करोड़ का खेल बजट: पंजाब सरकार ने खेलों को प्राथमिकता देते हुए 1,744 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया है।
600 ग्रामीण जिम: राज्य में 600 ग्रामीण जिमों में से 500 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
₹135 करोड़ की इनामी राशि: 2022 से अब तक नई खेल नीति के तहत 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये के पुरस्कार बांटे गए।
ओलंपिक और एशियाई खेलों की तैयारी: ओलंपिक की तैयारी के लिए ₹15 लाख और एशियन व कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी के लिए ₹8 लाख की सीधी वित्तीय सहायता दी जा रही है।
इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
