दियोटसिद्ध: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को दियोटसिद्ध के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हवन किया। उन्होंने बाबा जी की पवित्र गुफा एवं पिंडी के दर्शन किए तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर एसडीएम स्वाति डोगरा और मंदिर अधिकारी राजेश शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
वहीं मंदिर अधिकारी राजेश शर्मा ने उपमुख्यमंत्री को बाबा जी का रोट-प्रसाद तथा चित्र भेंटकर सम्मानित किया। उसके बाद उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में एडीबी की परियोजना के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों से मंदिर परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
