यमुनानगर के कपालमोचन में 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मेले को इस बार भव्य स्वरूप दिया जाएगा। मेले में श्रद्धालुओं को सिख धर्म के सभी दस गुरुओं के इतिहास और उनके योगदान की जानकारी सचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से दी जाएगी।
इसके अलावा गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित ड्रोन, लाइट एवं साउंड शो भी आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कपालमोचन मेला धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व का बड़ा आयोजन है। इसे भव्य एवं शानदार स्वरूप दिया जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और वे हरियाणा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से भी रूबरू हो सकें।
मेले में सिख गुरुओं के इतिहास के साथ देश की आजादी के संघर्ष को भी प्रदर्शित किया जाएगा। श्रद्धालु अंबाला में 1857 की स्वतंत्रता क्रांति की स्मृति में बनाए गए स्मारक से जुड़ी प्रदर्शनी भी देख सकेंगे। इसके साथ ही प्रदेश सरकार की विकासपरक योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि संत-महापुरुष विचार एवं प्रसार योजना के तहत 24 नवंबर को सिखों के प्रथम गुरु नानक देव जी की राज्य स्तरीय जयंती यमुनानगर के बिलासपुर में मनाई जाएगी। इस आयोजन के माध्यम से गुरु नानक देव जी के संदेशों और उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
