लुधियाना। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। खास बात यह है कि महानगर की विधानसभा सीटों पर राजनीतिक दल बड़े चेहरों को उतारने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। इसी कड़ी में गिल विधानसभा सीट से आप नेता व पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के चुनाव लड़ने की चर्चा है।
इन चर्चाओं के जोर पकड़ने से राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है। गौरतलब है कि हरपाल चीमा संंगरूर के दिड़बा सीट से चुनाव जीत कर विधानसभा पहुंचे और वित्त मंत्री बने। अब चीमा की गिल सीट से उतरने की चर्चा है।
गिल सीट की रिपोर्ट ठीक नहीं
बताया जा रहा है कि गिल सीट से रिपोर्ट ठीक नहीं आ रही है। लुधियाना पंजाब का प्रमुख औद्योगिक और कारोबारी केंद्र है। यहां शहरी सीट के साथ -साथ आरक्षित विधानसभा है। जिले में कुल 14 विधानसभा सीटें हैं। जिनमें छह शहरी और आठ ग्रामीण क्षेत्र में आती हैं। गिल सीट को लेकर आम आदमी पार्टी के भीतर उम्मीदवार के बदलाव की चर्चा है।
इसलिए सीट का एलान नहीं किया गया है। यहां से मौजूदा विधायक जीवन सिंह संगोवाल हैं। जिन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। अब सीट पर कई तरह की चर्चाएं होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, आप पार्टी अभी किसे मौका देगी यह तय नही है। पार्टी ने अधिकारिक एलान नहीं किया है।
पार्टी लुधियाना में स्थिति मजबूत करने में जुटी
राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक आम आदमी पार्टी हरपाल सिंह चीमा को गिल सीट से उतार सकती है तो यह केवल एक विधानसभा सीट पर उम्मीदवार बदलने का मामला नहीं होगा, बल्कि इसके जरिए पार्टी लुधियाना में अपनी राजनीतिक स्थिति को भी मजबूत करने का प्रयास कर सकती है।
दूसरा चीमा पंजाब सरकार में वित्त मंत्री हैं और प्रदेश स्तर पर उनका राजनीतिक कद है। विपक्ष के पास चीमा के खिलाफ अभी कोई बड़ा चेहरा नहीं है। इस लिए चीमा के नाम की चर्चा से है और गिल सीट पर आते है तो मुकाबले रोचक हो जाएगा ।
