देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना समारोह 2026 के अवसर पर देहरादून की रिजर्व पुलिस लाइन में राष्ट्रपति निशान अलंकरण परेड का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया. राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त करने वाला उत्तराखंड पुलिस देश का 16वां पुलिस बल बन गया है.
इसके साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का भी विमोचन किया. खास बात ये रही कि चार धर्म गुरुओं (हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई) ने राष्ट्रपति पुलिस निशान का अभिषेक किया.
करीब 2 बजे अमित शाह देहरादून रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित राष्ट्रपति निशान अलंकरण परेड में पहुंचे थे. परेड ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह को सबसे पहले मान- प्रमाण दिया. इसके बाद अमित शाह ने परेड का निरीक्षण किया. परेड निरीक्षण का कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद चार धर्म गुरुओं (हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई) ने राष्ट्रपति पुलिस निशान का अपने-अपने तरीके से अभिषेक किया. इसके बाद उत्तराखंड पुलिस को गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति निशान प्रदान किया.
अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड पुलिस बेहतर काम कर रही है. इसके साथ ही मई 2027 के आरोपियों को तीन साल के भीतर सजा दिलाने का काम उत्तराखंड करेगी.
इस मौके पर डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस राज्य स्थापना दिवस का अवसर विशेष बना गया है, क्योंकि इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया गया है. साथ ही गर्व की बात है कि इस निशान को प्रदान करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह यहां आए. साथ ही परेड का मान- प्रणाम ग्रहण किया और उत्तराखंड पुलिस को इस सम्मान से नवाजा. इससे पुलिस के जवानों का मनोबल और उत्साह बढ़ता है.
डीजीपी दीपम सेठ के अनुसार राष्ट्रपति पुलिस निशान मिलना वर्तमान में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही सेवानिवृत अधिकारियों व कर्मचारियों का सम्मान है, जिन्होंने राज्य बनने के बाद अपना बहुमूल्य योगदान दिया है.
