रामपुर: रामपुर के विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल का अंतिम संस्कार बुधवार को उनके पैतृक गांव देवठी में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी अंतिम विदाई देने के लिए देवठी पहुंचेंगे. उन्होंने मंगलवार को चंबा में एक कार्यक्रम के दौरान खुद इसकी जानकारी दी. नंदलाल के निधन से रामपुर सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर है. मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर रामपुर पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.
सीएम सुक्खू बोले- कल देवठी जाकर दूंगा अंतिम विदाई
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा में एक कार्यक्रम के दौरान नंदलाल के निधन पर दुख जताया. उन्होंने कहा, “मैं नंदलाल जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं. वह एक अनुभवी नेता थे. पिछले दिनों जब मैं रामपुर दौरे पर गया था तो वह मेरे साथ आना चाहते थे, लेकिन उनकी तबीयत खराब होने के चलते मैंने उनसे घर पर ही आराम करने का आग्रह किया था. वह हमारे काफी करीब थे. उनका व्यक्तित्व बेहद सरल था. मैं कल उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए देवठी जाऊंगा.”
सुबह देवठी पहुंचेंगे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी 4 नवंबर को देवठी पहुंचकर नंदलाल को श्रद्धांजलि देंगे. वह सुबह 7 बजे शिमला से देवठी के लिए रवाना होंगे और 11 बजे वहां पहुंचेंगे. अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद दोपहर 3 बजे देवठी से शिमला के लिए रवाना होंगे. वहीं, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी नंदलाल के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रामपुर पहुंचेंगे.
रामपुर में अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
नंदलाल का पार्थिव शरीर मंगलवार दोपहर बाद रामपुर पहुंचा. इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए सर्किट हाउस रामपुर खोपड़ी पहुंचे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे. अपने विधायक के निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है.
राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
प्रदेश सरकार ने नंदलाल के निधन पर राजकीय अंत्येष्टि करने का निर्णय लिया है. सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 3 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, सरकार ने जनप्रतिनिधि के रूप में उनके योगदान को देखते हुए राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने का फैसला लिया है. उपायुक्त शिमला को अंतिम संस्कार की आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके लिए एसपी शिमला, एसडीएम रामपुर सहित संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
