लखनऊ : आगामी त्योहारों के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रदेश में सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के उल्लास को उपद्रव में बदलने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाए. वहीं दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली को देखते हुए शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं.
मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए. अफवाह, भ्रामक सूचना और शरारतपूर्ण बयानबाजी के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए.
पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा को दें प्राथमिकता : अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा. उन्होंने अंतरजनपदीय और स्थानीय यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए. प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा.
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास हो 24 घंटे पुलिस निगरानी : मुख्यमंत्री ने कहा कि धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास 24 घंटे पुलिस निगरानी, पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता सुनिश्चित किया जाए. इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और पीआरवी-112 को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं. पटाखों की बिक्री को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही स्थापित किए जाएं. लाइसेंस और एनओसी जारी करने में अनावश्यक देरी न हो. अग्निशमन विभाग को पर्याप्त संसाधनों के साथ 24 घंटे अलर्ट रहने को कहा गया है.
विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश : मुख्यमंत्री ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए. नियमित सैनिटाइजेशन, एंटी लार्वा फॉगिंग, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ जलभराव, कूड़े और खराब सड़कों की समस्या दूर करने को कहा. त्योहारों के दौरान रोस्टरमुक्त बिजली आपूर्ति और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी. परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें चलाने तथा अनफिट और डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
घटतौली करने वालों के खिलाफ नजीर बने कार्रवाई : जनहित और कर्मचारी कल्याण से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने राशन वितरण में घटतौली करने वालों के खिलाफ नजीर बनने वाली कार्रवाई करने को कहा. सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय त्योहार से पहले उनके खातों में भेजने के निर्देश दिए.
यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो : किसानों के हितों को लेकर मुख्यमंत्री ने यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा. खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी. धान क्रय केंद्रों पर किसानों की उपज की पारदर्शी तरीके से तौल और समय पर खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना निराश होकर केंद्र से वापस न लौटे. बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल रहे.
