गैरसैंण (चमोली): उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में 27 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. सीएम पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, कैबिनेट मंत्री, विधायक और अधिकारी गैरसैंण पहुंच चुके हैं. यह पंचम विधानसभा का वर्ष 2026 का तीसरा सत्र होगा. साथ ही, इसे धामी सरकार का अंतिम विधानसभा सत्र भी माना जा रहा है. ऐसे में इस सत्र पर सभी की नजरें टिकी हैं. सत्र के दौरान सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों, विधायकों के सवालों और सरकार के जवाबों पर खास नजर रहेगी.
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने आगामी सत्र को लेकर उम्मीद जताई कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलेगी और सकारात्मक माहौल में जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि यह वर्ष 2026 का तीसरा सत्र है और वर्तमान सरकार का अंतिम सत्र होने जा रहा है. ऐसे में सभी सदस्यों को अपनी बात मजबूती से रखने का अवसर मिलना चाहिए. विधानसभा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि सदन में विधायक जनता से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल उठाएंगे और उन सवालों पर सार्थक चर्चा होगी.
ऋतु खंडूड़ी भूषण ने यह भी उम्मीद जताई कि सरकार की ओर से सभी विधायकों को उनके सवालों के उचित और संतोषजनक जवाब मिलेंगे. विधानसभा सत्र लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्याओं और जनता से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने रखते हैं. ऐसे में सदन की कार्यवाही के दौरान सवाल-जवाब और विभिन्न विषयों पर होने वाली चर्चा महत्वपूर्ण रहेगी. विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से सत्र को सफल बनाने में सहयोग की उम्मीद जताई और इसके सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं.
सीएम धामी का जोरदार स्वागत: वहीं भराड़ीसैंण (गैरसैंण) पहुंचे मुख्यमंत्री गैरसैंण का स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने भव्य स्वागत किया. कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल और थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने फूलों के गुलदस्ते और पारंपरिक पहाड़ी शॉल भेंट कर मुख्यमंत्री की अगवानी की. इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी.
आदिबद्री में आम जनता और बच्चों से आत्मीय संवाद: भराड़ीसैंण जाते समय सीएम धामी का काफिला जब आदिबद्री क्षेत्र में पहुंचा, तो उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल से हटकर एक बेहद सहज और आत्मीय रूप दिखाया. मुख्यमंत्री ने आदिबद्री की स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर आम दुकानदारों, राहगीरों और बच्चों से सीधे मुलाकात की. उन्होंने बच्चों को दुलारते हुए उनका कुशलक्षेम जाना और स्थानीय लोगों से क्षेत्र की समस्याओं व विकास पर सीधा संवाद किया. मुख्यमंत्री के इस सादगीपूर्ण और आत्मीय व्यवहार से स्थानीय जनता बेहद गदगद नजर आई. विभिन्न स्थानों पर उमड़े जनसैलाब का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता से मिले इस असीम स्नेह और आदर के लिए सभी का सहृदय आभार व्यक्त किया.
आदिबद्री मंदिर में टेका माथा, राज्य की खुशहाली की कामना: इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक एवं पौराणिक आदिबद्री मंदिर में पहुंचकर भगवान नारायण के दर्शन किए. मुख्यमंत्री ने भगवान से समस्त उत्तराखंडवासियों के सुखद, समृद्ध और निरोगी जीवन की प्रार्थना की. उन्होंने कामना की कि देवभूमि उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे.
