लखनऊ : बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र अंतर्गत किसान पथ पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया. संडीला से प्लाईवुड फैक्ट्री जा रहा फॉर्मेलिन केमिकल से भरा एक टैंकर अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. टैंकर पलटते ही केमिकल रिसाव की आशंका से हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही बीकेटी पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं. एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को कॉर्डन ऑफ कर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है. मौके पर मेडिकल टीमें भी मुस्तैद हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है. वहीं, सीएम योगी ने अफसरों को गैस रिसाव से उत्पन्न खतरे के बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
घटना सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है. हरदोई के संडीला औद्योगिक क्षेत्र से फॉर्मेलिन लिक्विड लेकर एक टैंकर गुडम्बा स्थित प्लाईवुड फैक्ट्री जा रहा था. बीकेटी क्षेत्र में किसान पथ से गुजरते वक्त टैंकर का अगला टायर अचानक फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और भारी-भरकम वाहन सड़क पर ही पलट गया.
केमिकल न्यूट्रलाइजेशन जारी : हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में सक्रियता बढ़ गई. स्थानीय पुलिस ने दमकल विभाग और एसडीआरएफ के साथ मिलकर तुरंत पूरे इलाके को सील कॉर्डन ऑफ किया, ताकि आम नागरिक केमिकल के प्रभाव क्षेत्र से दूर रहें. किसान पथ पर यातायात को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा गया. पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीमों के साथ संबंधित वरुण फैक्ट्री के तकनीकी प्रतिनिधि मौके पर केमिकल को तेजी से न्यूट्रलाइज करने में जुटे हैं.
आसपास जलन की संभावना, मेडिकल टीमें तैनात : एडिशनल डीसीपी उत्तरी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि फॉर्मेलिन केमिकल के संपर्क में आने या हवा में इसके असर से आंख, नाक, गले और त्वचा में हल्की जलन की शिकायत हो सकती है. इसी वजह से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए मौके पर पर्याप्त एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात कर दी गई हैं. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हालात पूरी तरह काबू में हैं और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है. सीएम योगी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अफसरों को बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
