कुल्लू: अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव अब समापन की ओर है. दशहरा उत्सव में प्रदेश के साथ-साथ देश के कई राज्यों और कई देशों के कलाकर सांस्कृतिक संध्या में मनमोहक प्रस्तुति दे रहे हैं. उत्सव के समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज (सोमवार, 2 6 अक्टूबर) से दो दिवसीय कुल्लू दौरे पर हैं. इस दौरान सीएम सुक्खू जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे.
दो दिवसीय कुल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री
कुल्लू जिला उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 26 अक्टूबर से दो दिवसीय कुल्लू जिला के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे. मुख्यमंत्री 26 अक्टूबर को 12:20 पर भुंतर हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर के विस्तार का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद दोपहर 12:40 बजे एचपी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, बजौरा पहुंचेंगे, जहां बंजार विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे.
उपायुक्त ने बताया कि, इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे पिरड़ी पहुंचेंगे. यहां वे कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने वाले हैं. उन्होंने कहा कि शाम 6:10 बजे मुख्यमंत्री ढालपुर स्थित रथ मैदान पहुंचेंगे, जहां वे ड्रोन शो, लेजर शो और ग्लोबल डांस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इसके बाद शाम 7:50 बजे भगवान रघुनाथ जी के शिविर में पूजा अर्चना करेंगे. मुख्यमंत्री रात 9:35 बजे लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र पहुंचेंगे, जहां वे संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे.
दशहरा उत्सव समापन समारोह में शिरकत करेंगे CM सुक्खू
जिला उपायुक्त ने बताया कि, मुख्यमंत्री 27 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कुल्लू कार्निवल में भाग लेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के समापन समारोह में शिरकत करेंगे. मंगलवार, 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री एक दिवसीय हमीरपुर दौरे के रवाना होंगे. मुख्यमंत्री कुल्लू के अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के समापन के बाद दोपहर में हमीरपुर के पास जसकोट स्थित हेलीपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से जोल सप्पड़ रवाना होंगे.
मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे मुख्यमत्री
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 27 अक्टूबर को जिला हमीरपुर के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री जिले में स्वास्थ्य शिक्षा, सरकारी चयन आयोग के बुनियादी ढांचे, शहरी सुविधाओं और बाल देखभाल से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे. जोल सप्पड़ में मुख्यमंत्री डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आरकेजीएमसी) के अकादमिक ब्लॉक का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद वह मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ संवाद भी करेंगे. जोल सप्पड़ स्थित मेडिकल कॉलेज का अकादमिक ब्लॉक मुख्यमंत्री के दौरे का प्रमुख कार्यक्रम रहेगा. इसके उद्घाटन से जुड़ी गतिविधियों के दौरान मुख्यमंत्री विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।मेडिकल कॉलेज के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रकड़ियाल पहुंचेंगे, जहां हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की कॉलोनी का उद्घाटन किया जाएगा.
