चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मंगलवार, 20 अक्टूबर को दशहरे के दिन पंजाब दौरे से पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दूसरे राज्यों की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और पंजाब आकर सुरक्षा व्यवस्था पर ज्ञान देने को लेकर भाजपा को घेरा।
उन्होंने गैंग्स्टर लॉरेंस बिश्नोई का जिक्र करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में लिखा-
अपने राज्यों में इनसे कानून व्यवस्था संभलती नहीं। देश के सबसे बड़े गैंगस्टर को इन्होंने अपना दामाद बनाया हुआ है और उसे भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में अपराध करने की सारी सहूलियत दी हुई हैं। और कल ये पंजाब आयेंगे कानून व्यवस्था पर ज्ञान देने। पंजाब के लोगों को पता है कि इन्हें वोट देना इनके दामाद को पंजाब में न्योता देने जैसा होगा।
केजरीवाल की इस टिप्पणी को अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले भाजपा पर राजनीतिक हमला माना जा रहा है। पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद का मुद्दा पहले से ही राजनीतिक बहस के केंद्र में है। ऐसे में केजरीवाल ने दूसरे राज्यों में गैंगस्टरों की गतिविधियों को लेकर भाजपा को घेरने की कोशिश की है।
गुजरात की जेल में बंद है लॉरेंस
गौरतलब है कि गैंग्स्टर लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। उसके गिरोह पर देश के विभिन्न हिस्सों में आपराधिक वारदातों में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। हाल में अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना को लेकर भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आने की बात कही गई है। इस तरह की घटनाओं ने गैंगस्टर नेटवर्क और जेल में बंद आरोपितों के कथित आपराधिक नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
नशा तस्करी पर चल रहा आरोप-प्रत्यारोप
पंजाब में गैंग्स्टरवाद और नशा तस्करी को लेकर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं। अमित शाह के दौरे के दौरान भी कानून-व्यवस्था और नशे का मुद्दा राजनीतिक चर्चा में रहने की संभावना है। केजरीवाल की पोस्ट के जरिए आम आदमी पार्टी ने दौरे से पहले ही भाजपा के सामने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
