देहरादून: उत्तराखंड में प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है. खास बात यह है कि इसके लिए अधिकारियों की एक विशेष टीम बनाई गई है. जिसे इस सम्मेलन की सफलता के लिए जिम्मेदारी दी गई है. राज्य स्थापना सप्ताह के रूप में सरकार इस बार अलग-अलग कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है. जिसमें उत्तराखंड के प्रवासियों को भी राज्य से जोड़ने की कवायद शुरू की गई है.
उत्तराखंड सरकार इस बार राज्य स्थापना दिवस को पूरे सप्ताह भर अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए मनाने जा रही है, इस दौरान वैसे तो सरकार अलग-अलग जगह पर राज्य संस्कृति और आंदोलन से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित करवाएगी लेकिन इसमें सबसे ज्यादा फोकस फिलहाल प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन पर दिखाई दे रहा है.
प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सरकार इस बार राज्य स्थापना को ज्यादा भव्य और विस्तृत रूप में मनाने जा रही है, ऐसे में सरकार ने उत्तराखंड के प्रवासियों को भी स्थापना दिवस कार्यक्रमों का हिस्सा बनाने का फैसला लिया है. फिलहाल इसके लिए धामी सरकार के स्तर पर रणनीति बनाई जा रही है. इसमें सरकार के सीनियर अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है.
प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के लिए प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आरके सुधांशु की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है. जिसे राज्य स्थापना के दौरान होने वाले इन कार्यक्रमों को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. इस कमेटी में गृह सचिव से लेकर पर्यटन, संस्कृति, कौशल विकास, उद्योग, नियोजन, उच्च शिक्षा, विद्यालय शिक्षा और सामान्य प्रशासन जैसे विभागों के सचिवों को इसमें सदस्य बनाया गया है. यही नहीं सूचना महानिदेशक से लेकर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी इस टीम में जोड़ा गया है.
उत्तराखंड में फिलहाल 13 नवंबर को प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित किया गया है. जिसमें देश दुनिया भर के उत्तराखंड से जुड़े प्रवासी शामिल हो सकते हैं. फिलहाल सरकार प्रवासी उत्तराखंडायों को देश दुनिया भर से जोड़ने में लगी हुई है. उसके लिए बड़े स्तर पर ऐसे प्रवासियों को निमंत्रण भेजे जाने की भी तैयारी है.
उत्तराखंड में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने इस मामले पर कहा कि सरकार का मकसद उत्तराखंड के विकास के लिए प्रवासी उत्तराखंडायों का सहयोग लेना भी रहा है. राज्य स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण मौकों पर ऐसे प्रवासी उत्तराखंड को उत्तराखंड से जोड़ना और भी खास है.
उत्तराखंड में इस बार राज्य स्थापना दिवस के सप्ताहभर अलग-अलग कार्यक्रम तैयार किया जा रहे हैं. सरकार का मकसद है कि इस बार 7 दिन तक चलने वाले यह कार्यक्रम ज्यादा बड़े और भव्य रूप में आयोजित किए जाएं. इस बार चुनाव से पहले धामी सरकार राज्य स्थापना दिवस के इन कार्यक्रमों को मनाने जा रही है.
