हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे भोलू शाहपुरिया, सत्यम और आर्यन की मुश्किलें अब और बढ़ने वाली हैं। अदालत के आदेश पर तीनों को भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने अब उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कुर्की से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इस सप्ताह में तीनों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया पूरी किए जाने की संभावना है। अंकित बालियान हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद से भोलू शाहपुरिया, सत्यम और आर्यन फरार हैं। पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अभी तक तीनों पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। तीनों पर पुलिस पहले ही एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है, लेकिन तीनों पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय में कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया था।
कुर्की से पहले घरों पर चिपकाए नोटिस
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के घरों पर कुर्की की कार्रवाई से पहले जारी किए जाने वाले नोटिस चस्पा किए थे। नोटिस के माध्यम से आरोपियों को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के लिए निर्धारित समय दिया गया था। निर्धारित अवधि में तीनों के सामने नहीं आने पर न्यायालय के आदेश के अनुसार उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया गया। अब पुलिस ने संपत्ति कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित संपत्तियों का विवरण जुटाने के साथ कुर्की प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों की चिह्नित संपत्ति कुर्क की जाएगी।
पुलिस को दिए अल्टीमेटम का अंतिम दिन
26 अगस्त को हुए अंकित बालियान हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए खाप चौधरियों और परिजनों द्वारा पुलिस को दिया अल्टीमेटम रविवार को पूरा हो रहा है। खाप चौधरियों ने परिजनों के साथ एसपी से मुलाकात कर पांच अक्टूबर तक सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। हत्याकांड की जांच में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें रोहित उर्फ लाडला को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि सूजल अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी ने पांच पुलिस टीमों का गठन किया है।
क्या बोले शामली एसपी?
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भोलू, सत्यम और आर्यन को न्यायालय के आदेश के बाद भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। तीनों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया से संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। आगामी सप्ताह में कुर्की की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। तीनों की गिरफ्तारी में टीमें लगी हैं
