देहरादून। दो दिन की लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ बंटू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें छात्र संघ चुनाव के दौरान डीएवी कालेज से दबोचा।
पुलिस को आशंका थी कि उनके पास ज्वलनशील पदार्थ हो सकता है। ऐसे में पुलिस ने पहले ही जाल बिछाकर रखा था। पुलिस के अनुसार विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ बंटू सहित अन्य के खिलाफ रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज था।
पुलिस का कहना है कि वह बार-बार बुलाने पर भी विवेचना में सहयोग नहीं कर रहे थे, जिसके चलते न्यायालय से गैर जमानती वारंट हासिल किया था। न्यायालय से प्राप्त वारंट की तामील में तत्काल कार्रवाई की जानी जरूरी थी।
पुलिस टीम की ओर से विनीत प्रसाद भट्ट उर्फ बंटू की गिरफ्तारी के लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मंगलवार को विनीत भट्ट उर्फ बंटू के घर तथा संभावित ठिकानों पर तलाश की गई लेकिन उसका पता नहीं लगा।
मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि विनीत प्रसाद अपनी पैंट की जेब में एक बोतल छिपाते हुए निकला है और वह डीएवी कालेज जा रहा है। वह पुलिस को देखकर ज्वलनशील पदार्थ स्वयं पर छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास कर सकता है।
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम डीएवी कालेज पहुंची तो विनीत प्रसाद पुलिस को देख कालेज के एक कमरे के अंदर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा करते हुए कमरे के अंदर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
बंटू की गिरफ्तारी की सूचना पर हुआ था हंगामा
इससे पहले सोमवार रात को विनीत प्रसाद की गिरफ्तारी की सूचना पाकर काफी हंगामा हुआ था। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्र हो गए और कांग्रेस भवन से मुख्यमंत्री आवास का कूच किया।
पुलिस ने उन्हें राेका तो वह एसएसपी कैंप कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह कैंप कार्यालय के बाहर ही बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
