किन्नौर: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे भारत-चीन सीमा क्षेत्र दुमती में जेसीबी से खुदाई के दौरान जमीन के अंदर एक जोरदार धमाका होने से बड़ा हादसा हुआ है. धमाके में दो लोग घायल हुए थे, जिसमें से एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में चल रहा है.
भारत-चीन सीमा पर सड़क निर्माण के दौरान धमाका
पुलिस थाना रिकांगपिओ के अनुसार, किन्नौर जिले के सांगला के छितकुल स्थित दुमती में रविवार को सड़क निर्माण कार्यों के दौरान अचानक धमाका होने से डंपर चालक और मशीन ऑपरेटर घायल हो गए थे. घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना ने दुमती के स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की बेहतर स्वास्थ्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालय रिकांगपिओ के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डंपर चालक की मौत हो गई. डंपर चालक की पहचान कांगड़ा जिले के पालमपुर निवासी अशोक कुमार (उम्र- 50 वर्ष) के रूप में हुई है.
वहीं, हादसे में घायल मशीन ऑपरेटर भोला शाह (उम्र- 23 वर्ष) का इलाज रिकांगपिओ के क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं. भोला शाह बिहार के सारन जिले का रहने वाला है.
जांच में जुटी पुलिस
सहायक पुलिस अधीक्षक किन्नौर वरूण पटियाल ने हादसे की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश जारी है. धमाका कैसे हुआ यह अभी जांच का विषय है.”
