शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हर्ष महाजन ने उन पर तीखा पलटवार किया है. महाजन ने तंज कसते हुए कहा, “गुरु गुरु होता है और चेला चेला.” दरअसल, शुक्रवार को हमीरपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हर्ष महाजन को लेकर टिप्पणी की थी. मुख्यमंत्री ने कहा था कि हर्ष महाजन जब तक कांग्रेस के सलाहकार रहे, तब तक कांग्रेस दोबारा सत्ता में नहीं आ पाई. उन्होंने महाजन के भाजपा के साथ जुड़ाव पर भी सवाल उठाते हुए इसी राजनीतिक रिकॉर्ड का हवाला दिया था.
मुख्यमंत्री के इसी बयान पर हर्ष महाजन ने पलटवार किया. शनिवार को शिमला में एक कार्यक्रम के दौरान महाजन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बिना सोचे-समझे बयानबाजी कर रहे हैं. आने वाले समय में कांग्रेस के लिए केवल अंधेरा है, जबकि भाजपा के लिए उजाला है.
वीरभद्र सिंह के साथ अपने रिश्ते का किया जिक्र
हर्ष महाजन ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ अपने लंबे राजनीतिक जुड़ाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह वीरभद्र सिंह के राजनीतिक शिष्य रहे हैं. महाजन ने कहा कि वीरभद्र सिंह 84 वर्ष की उम्र तक राजनीति में सक्रिय रहे और जीवन के अंतिम समय तक राजनीति से जुड़े रहे. गौरतलब है कि हर्ष महाजन लंबे समय तक वीरभद्र सिंह के करीबी राजनीतिक सहयोगी और रणनीतिकार रहे हैं.
अगले चुनाव को लेकर महाजन ने साफ किया रुख
हर्ष महाजन ने कहा कि उनकी राजनीतिक नीति स्पष्ट है और वह अगले चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं. उन्होंने कांग्रेस की स्थिति को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि मौजूदा पंचायती चुनावों से पार्टी की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है.
